पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ का आज यानी 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में कॉन्सर्ट है। इस शो के लिए वैसे तो फैंस काफी एक्साइटेड हैं, लेकिन अब कॉन्सर्ट में शामिल हो रहे दिलजीत दोसांझ के फैंस पर कुछ खास पाबंदियां लगाई गई हैं। अगर आप भी इस कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले हैं तो घर से निकलने से पहले कुछ जरूरी नियम जान लेना आपके लिए बेहद जरूरी है। दरअसल, BookMyShow ने दर्शकों की एंट्री और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधित सामान की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में कुछ ऐसी चीजें शामिल हैं, जिन्हें लोग आमतौर पर अपने बैग में रखते हैं। झंडे, पोस्टर, बैनर, पेन, डियोड्रेंट और मेकअप प्रोडक्ट्स जैसी चीजें अब दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के अंदर ले जाने की इजाजत नहीं होगी।
BookMyShow ने फैंस के लिए सख्त किए नियम
BookMyShow की जारी की गई गाइडलाइंस के मुताबिक, कॉन्सर्ट में किसी भी तरह का झंडा, बैनर, पोस्टर या साइन लेकर जाने पर रोक रहेगी। हाथ से तैयार किए गए पोस्टर और बैनर भी बैन सामान की लिस्ट में रखे गए हैं। आपको बता दें, BookMyShow ने ये कदम इसलिए उठाया है क्योंकि इसी साल मई में कनाडा में दिलजीत के एक कॉन्सर्ट के दौरान झंडों को लेकर विवाद हुआ था। कॉन्सर्ट में खालिस्तान समर्थक झंडे दिखा रहे थे और दिलजीत ने अपनी सिक्योरिटी टीम से उन लोगों को हटाने के लिए कहा था। उस शो के बाद दिलजीत को सोशल मीडिया पर सफाई तक देनी पड़ी थी।
दिलजीत के कॉन्सर्ट में ये सब ले जाने पर रोक
वहीं, अगर आप दिलजीत दोसांझ के मुंबई शो में जाने वाले हैं, तो बैन सामान की इस लिस्ट में ये सभी चीजें शामिल हैं-
झंडे और बैनर: किसी भी तरह के झंडे, पोस्टर, साइन और हाथ से बनाए गए बैनर।
नुकीली चीजें: चाकू, ब्लेड, धारदार आभूषण और दूसरी खतरनाक चीजें।
पेन और लाइटर: पेन, मार्कर, लाइटर और लेजर पॉइंटर।
फेंकने वाली चीजें: पानी से भरे गुब्बारे, अंडे और ऐसी दूसरी चीजें।
मेकअप और पर्सनल केयर सामान: डियोड्रेंट, एयरोसोल स्प्रे, स्प्रे सनस्क्रीन, क्रीम और मेकअप प्रोडक्ट्स।
बोतलें और छाते: खाली कांच, प्लास्टिक या धातु की बोतलें और छाते।
रिकॉर्डिंग टूल: प्रोफेशनल कैमरे, ट्राइपॉड, सेल्फी स्टिक, गोप्रो और ड्रोन।
इलेक्ट्रॉनिक सामान: लैपटॉप, टैबलेट जैसे गैजेट्स भी बैन रहेंगे।
बड़े बैग: बैकपैक और बड़े आकार के बैग भी अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
क्या-क्या ले जा सकते हैं फैंस?
बैन के बीच कुछ जरूरी चीजों को साथ ले जाने की छूट भी दी गई है। अगर किसी फैन को कॉन्सर्ट में पावर बैंक की जरूरत है, तो वो अपने साथ ये ले जा सकता है। नियमित दवाइयां ले जाने वाले लोगों को वैध मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन दिखाना होगा। साथ ही शो में शामिल होने वाले लोगों को सरकारी पहचान पत्र साथ रखने की सलाह दी है। इसके अलावा एंट्री गेट पर सुरक्षा जांच को देखते हुए लोगों से समय से पहले पहुंचने और सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।