पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर भारत में काफी हंगामा चल रहा है। भारत में पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री पर रोक लगाई गई है और ऐसे में इस सीरीज का नेटफ्लिक्स की वजह से भारत में रिलीज होना लोगों को रास नहीं आ रहा। ऐसे में इस सीरीज को लेकर लगातार विवाद बढ़ता जा रहा है। 'जो बचे हैं संग समेट लो' की रिलीज डेट करीब है और इस पर भारत में बैन की मांग चल रही है। इसी बीच जानकारी सामने आई है कि अब भारत में ये सीरीज रिलीज नहीं होगी। केंद्र सरकार ने अब सख्त रुख अपनाते हुए नेटफ्लिक्स को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (MIB) की एडवाइजरी का पालन करने की हिदायत दे दी है। सरकार ने साफ कर दिया है कि पाकिस्तान में तैयार किए गए कंटेंट को भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं कराया जा सकता।
MIB ने नेटफ्लिक्स को दिया निर्देश
आपको बता दें, इस सीरीज की रिलीज डेट सामने आने के बाद भारत में इसके स्ट्रीम होने को लेकर सवाल उठने लगे थे। इसी बीच सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को शिकायतें मिलीं कि नेटफ्लिक्स इस पाकिस्तानी सीरीज को भारत में भी रिलीज कर सकता है। इसके बाद मंत्रालय ने प्लेटफॉर्म को पहले दिए गए आश्वासन की याद दिलाई और नियमों का पालन करने को कहा। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 को जारी की गई एडवाइजरी का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। इस एडवाइजरी में भारत में काम करने वाले ओटीटी प्लेटफॉर्म और डिजिटल स्ट्रीमिंग सेवाओं को पाकिस्तानी कंटेंट का प्रसारण बंद करने के लिए कहा गया था।
भारत में पाकिस्तानी सीरीज पर बैन
मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को जून 2025 में दिए गए उसके अपने आश्वासन की याद दिलाई है। सरकार ने अब नेटफ्लिक्स को इसी सिद्धांत पर कायम रहने को कहा है। यानी सीरीज की ग्लोबल रिलीज के बावजूद भारत में इसे बैन किया जाएगा। आपको बता दें, 'जो बचे हैं संग समेट लो' नेटफ्लिक्स की पहली ओरिजिनल पाकिस्तानी वेब सीरीज है। इसे 4 दिसंबर 2026 से दुनियाभर के 191 देशों में स्ट्रीम किया जा रहा है, लेकिन अब भारत को इस रिलीज से बाहर रखा गया है।
सीरीज की स्टार कास्ट
इस सीरीज को 2 हिस्सों में रिलीज किया जाएगा। इसमें कुल 13 एपिसोड हो सकते हैं। इस वेब सीरीज में फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, सनम सईद, हमजा अली अब्बासी, माया अली, इकरा अजीज, अहमद रजा मीर, बिलाल अशरफ, नादिया जमील और समीना जैसे कई मशहूर पाकिस्तानी एक्टर्स नजर आने वाले हैं। कहानी में तीन पीढ़ियों के बीच बुनी गई छह प्रेम कहानियों को दिखाया जाएगा।