नेटफ्लिक्स की अपकमिंग पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर कई दिनों से कंट्रोवर्सी चल रही है। भारत में इसकी रिलीज पर फिल्म इंडस्ट्री में विरोध बढ़ता जा रहा है। अब फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी इस मामले में नेटफ्लिक्स के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने का फैसला ले लिया है। FWICE ने चेतावनी दी है कि अगर नेटफ्लिक्स भारत में इस पाकिस्तानी सीरीज को रिलीज करता है, तो वो नेटफ्लिक्स के सभी भारतीय प्रोजेक्ट्स से अपने सदस्यों को वापस बुला लेंगे। इससे देशभर में चल रही नेटफ्लिक्स की शूटिंग रुक सकती है।
नेटफ्लिक्स को FWICE का अल्टीमेटम
आपको बता दें, 'जो बचे हैं संग समेट लो' का ट्रेलर रिलीज होने के बाद FWICE के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने इस पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि नेटफ्लिक्स ने पहले भारतीय सरकार को भरोसा दिया था कि वो ऐसा कोई कंटेंट यहां प्रसारित नहीं करेगा, जो देश की नीतियों या राष्ट्रीय हितों के खिलाफ हो। इसके बावजूद नेटफ्लिक्स ने पाकिस्तानी सीरीज का प्रमोशन शुरू कर दिया है। अगर नेटफ्लिक्स ने अपना फैसला नहीं बदला, तो संगठन अपने सदस्यों को उसकी भारत में चल रही सभी शूटिंग से हटा लेगा।
FWICE के अध्यक्ष ने दी धमकी
FWICE के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने कहा कि इससे अलग-अलग लोकेशन पर चल रहे नेटफ्लिक्स के प्रोजेक्ट्स का काम रुक सकता है। उन्होंने दावा किया कि FWICE भारतीय मनोरंजन जगत के बड़ी संख्या में कलाकारों, तकनीशियनों और कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है। ऐसे में संगठन के इस कदम का असर नेटफ्लिक्स की प्रोडक्शन गतिविधियों पर पड़ सकता है। इस विवाद में अब केंद्र सरकार का सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भी एक्टिव हो गया है।
एडवाइजरी का पालन करने का दिया निर्देश
केंद्र सरकार का सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 को जारी की गई एडवाइजरी का पालन करने और पाकिस्तानी कंटेंट को भारत में स्ट्रीम न करने के अपने पुराने आश्वासन पर कायम रहने के लिए कहा है। बता दें, जून 2025 में नेटफ्लिक्स ने मंत्रालय को बताया था कि उसने भारत के दर्शकों के लिए पाकिस्तान में बनी कोई फिल्म या वेब सीरीज उपलब्ध नहीं कराई है। अब मंत्रालय ने कंपनी से इसी रुख को बरकरार रखने को कहा है।