Gold Price Today : आप आने वाले दिनों में शादी-ब्याह या किसी खास मौके के लिए सोना-चांदी खरीदने की प्लानिंग कर रहे तो आपके लिए राहत भरी खबर है। कुछ दिनों से कीमती धातुओं के दामों में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक 24 कैरेट सोना 10 ग्राम के हिसाब से 1808 रुपए सस्ता होकर 1,35,884 रुपए पर आ गया है। इससे एक दिन पहले यह 1.38 लाख रुपए पर था। गौर करने वाली बात यह है कि 7 महीने बाद सोने की कीमत 1.36 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम से नीचे आई है। 23 मार्च 2026 को सोने का भाव 1,35,141 रुपए दर्ज किया गया था और 8 जनवरी 2026 को यह 1,35,773 रुपए पर था। पिछले तीन दिनों के भीतर ही सोना कुल 6536 रुपए सस्ता हो चुका है। 10 नवंबर को यही सोना 1.42 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम था।

चांदी में भी ऐतिहासिक गिरावट

चांदी खरीदने वालों के लिए भी यह समय काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। एक किलो चांदी का भाव 3540 रुपए घटकर 1.77 लाख रुपए पर आ गया है। गुरुवार को यह 1.81 लाख रुपए पर थी। 3 दिनों में चांदी 8500 रुपए सस्ती हो चुकी है। 10 नवंबर को चांदी 1.86 लाख रुपए प्रति किलो थी। इस साल के रिकॉर्ड स्तर की बात करें तो 31 दिसंबर 2025 को चांदी 2.30 लाख रुपए पर थी और 29 जनवरी को यह उछलकर 3.86 लाख रुपए के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थी। तब से अब तक चांदी 2.02 लाख यानी 114% सस्ती हो चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को सोना 1.33 लाख रुपए था, जो 29 जनवरी को 1.76 लाख रुपए के ऊपरी स्तर पर पहुंच गया था। तब से अब तक सोना 40 हजार यानी 30% सस्ता हो चुका है।

सोना और चांदी के दाम गिरने की मुख्य वजहें

ऊंचे भाव पर मुनाफावसूली : त्योहारी सीजन से पहले सोना बहुत महंगा हो गया था। इस चलते बड़े निवेशकों ने मुनाफा निकालने को भारी बिकवाली शुरू कर दी।

मजबूत डॉलर का दबाव : अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड यील्ड मजबूत हुई है। इससे ग्लोबल मार्केट में सोने की कीमतों में नरमी आई है।

खरीदारों की दूरी : रिकॉर्ड तोड़ महंगे दामों को देखते हुए आम ग्राहकों ने दुकानों से सोना खरीदना कम कर दिया है। इससे मांग घटी है।

चांदी सस्ती होने के कारण

औद्योगिक मांग में कमी: सोलर पैनल और इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्टरियों में चांदी का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। वैश्विक मंदी के कारण उद्योगों की तरफ से इसकी मांग में गिरावट आई है।

बिकवाली का दबाव: शेयर और वायदा बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच बड़े ट्रेडरों ने अचानक चांदी बेचनी शुरू कर दी, जिससे भाव तेजी से गिरे।

सोने का असर: सर्राफा बाजार में सोना और चांदी का रुख अमूमन एक जैसा रहता है। सोने के दाम गिरते ही चांदी में भी बिकवाली का दौर शुरू हो गया।

अलग-अलग शहरों में सोने-चांदी के भाव में अंतर क्यों होता है?

अलग-अलग शहरों में सोने के दाम अलग होने के पीछे मुख्य रूप से 4 बड़ी वजहें जिम्मेदार होती हैं।

ट्रांसपोर्टेशन और सिक्योरिटी: एक से दूसरे शहर तक सुरक्षित सोना पहुंचाने में ईंधन और सुरक्षा का खर्च जुड़ता है, इसलिए दूरी बढ़ने पर कीमत में थोड़ा अंतर आ जाता है।

खरीदारी की मात्रा: दक्षिण भारत में देश की कुल खपत का 40% हिस्सा है। जिस कारण वहां के ज्वेलर्स बड़ी मात्रा में खरीदारी करते हैं। वैसे, इसका छूट लाभ ग्राहकों तक सीमित रहता है।

लोकल ज्वेलरी एसोसिएशन: हर राज्य और शहर की अपनी ज्वेलरी एसोसिएशन होती है जो मांग और सप्लाई के हिसाब से रेट तय करती है।

पुराना स्टॉक और खरीद मूल्य: ज्वेलर्स ने पुराना सोना किस भाव पर खरीदा है, यह तय करता है कि वे ग्राहकों को किस कीमत पर बेचेंगे।

क्या यह गिरावट लंबी चलेगी? 

कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया का मानना है कि निवेशकों और खरीदारों को एक साथ सारा पैसा लगाने के बजाय किश्तों में खरीदारी करनी चाहिए। कुछ सोना-चांदी अभी खरीद लें और कुछ हिस्सा 15-20 दिन के अंतराल पर खरीदें। आप निवेश करना चाहते हैं तो एक-दो महीने के बजाय 6 महीने से 1 साल तक के लंबे नजरिए के साथ बाजार में उतरें।

इन 2 जरूरी बातों का रखें खास ख्याल

सर्टिफाइड गोल्ड खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा सर्टिफाइड सोना ही चुनें। यह नंबर अल्फान्यूमेरिक होता है (जैसे- AZ4524)। इससे आपको यह पता चलता है कि सोना असल में कितने कैरेट का है।

कीमतें हमेशा क्रॉस चेक करें: सोना खरीदते समय उसका सही वजन और उस दिन का बाजार भाव कई विश्वसनीय स्रोतों (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की आधिकारिक वेबसाइट) से जरूर जांच लें। ध्यान रखें कि 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के दाम हमेशा अलग-अलग होते हैं।