Samajwadi Party Manifesto 2027 : संविधान दिवस के अवसर पर आज समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा-पत्र और प्रण-पत्र जारी किया। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए, महिलाओं एवं गरीबों के लिए समाजवादी कैंटीन खोलेंगे। वहां सिर्फ 5 रुपए में खाने की थाली मिलेगी। उन्होंने वृद्धाओं और महिला कारीगरों को प्रत्येक वर्ष 40 हजार पेंशन देने का वादा किया। 5 साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया। 2-3 करोड़ नौजवानों को रोजगार देने का भी संकल्प लिया। उन्होंने कहा, शहरी युवाओं को रोजगार देने के लिए शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम लाएंगे। पूर्व सीएम ने मौजूदा एनडीए सरकार पर शिक्षा व्यवस्था चौपट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यूनिवर्सिटी से लेकर हर स्तर पर मनमानी हो रही। व्यापक स्तर पर प्राइमरी स्कूल बंद किए जा रहे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी राज्य शिक्षा नीति लाएगी, जिससे सबको गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान मौके मिले। सपा ने 12वीं पास विद्यार्थियों के लिए लैपटॉप वितरण योजना दोबारा शुरू करने का वादा किया। अखिलेश ने मौजूदा टैबलेट योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रों-छात्राओं को किस जमाने के टैबलेट दिए जा रहे हैं, यह इस्तेमाल करने वाले जानते होंगे।
मन विधान से नहीं, संविधान से चलेगा देश: अखिलेश
इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को याद करते हुए संविधान और संवैधानिक मूल्यों को बचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलेगा, मन विधान से नहीं। अखिलेश यादव के मुताबिक एक तरफ संविधान का दुरुपयोग करने वाली ताकतें हैं, वहीं दूसरी तरफ पीडीए सामाजिक न्याय, आरक्षण और समानता के हक की लड़ाई लड़ रहा है और अब अपनी सरकार बनाने की ओर बढ़ रहा है।
घोषणा-पत्र और प्रण-पत्र के प्रमुख वादे
सपा प्रमुख ने घोषणा-पत्र और प्रण-पत्र के जरिए समाज के अलग-अलग वर्गों को साधने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य पीड़ित, दुखी, अपमानित, शोषित, वंचित और गरीब तबके की गरिमा और आत्मसम्मान को फिर से लौटाना है। मुख्य बिंदु हैं:-
महिलाएं: महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता और मुफ्त शिक्षा का वादा किया गया। आधी आबादी के लिए अलग घोषणापत्र लाने की घोषणा भी की गई।
किसान और मजदूर: किसानों को फसल का लाभकारी मूल्य और समय पर भुगतान दिलाने तथा मजदूरों को मेहनत का उचित पारिश्रमिक देने की बात कही गई।
युवा और छात्र: सरकारी और निजी क्षेत्रों में निष्पक्ष रोजगार, छात्रवृत्ति, कौशल विकास, विदेश में पढ़ाई, खेल और कला के क्षेत्र में प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और स्टार्टअप के अवसर बढ़ाने का संकल्प लिया गया। अखिलेश ने कहा कि अच्छी शिक्षा और सच्ची परीक्षा से ही तरक्की पक्की होगी।
स्वास्थ्य सेवाएं: जरूरतमंदों, रोगियों, गर्भवतियों, बच्चों और बुजुर्गों को गुणवत्तापूर्ण मुफ्त इलाज और प्रभावी एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने का वादा किया गया।
शहरवार घोषणा-पत्र और 2012-2017 के कामों का जिक्र
अखिलेश यादव ने बताया कि आने वाले समय में हर शहर की जरूरत के हिसाब से अलग विकास एजेंडा और घोषणापत्र तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अच्छे दिन आए नहीं हैं, लेकिन बुरे दिन जाने वाले हैं और विरोधियों को भी अपने जाने का अहसास हो गया है, इसी कारण उनकी भाषा बदल गई है। सपा अध्यक्ष ने 2012 से 2017 के बीच अपनी सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि घोषणापत्र के वादों के अलावा नई जरूरतों के मुताबिक भी परियोजनाएं पूरी की गई। उन्होंने कहा कि लखनऊ को बसाने की शुरुआत मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते हुई थी और आज शहर बेहतर नियोजन तथा बड़े निवेश के लिए जाना जाता है। अखिलेश यादव ने बताया कि मेदांता अस्पताल घोषणापत्र का हिस्सा नहीं था, पर सरकार बनने के बाद निवेश और स्वास्थ्य संवाद के जरिए यह तैयार हुआ, जबकि कैंसर इंस्टीट्यूट का वादा घोषणापत्र में शामिल था और पूरा किया गया। उन्होंने गोमती रिवर फ्रंट, इकाना स्टेडियम और उसके आसपास विकसित स्पोर्ट्स सेंटर, हाईकोर्ट भवन, लुलु मॉल तथा शिव नाडर से बातचीत के बाद बने आईटी हब का जिक्र किया, जहां करीब छह हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की बात कही गई।