टीवी एक्ट्रेस हिबा नवाब ने कई सालों से अपनी खूबसूरती और एक्टिंग से लोगों को अपना दीवाना बना रखा है। कई पॉपुलर शोज में नजर आ चुकीं हिबा अब जल्द ही नए शो 'लो चुड़ैल चली ससुराल' से टीवी पर वापसी करने जा रही हैं। इसी बीच अब एक्ट्रेस ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अपने करियर और मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की है। एक्ट्रेस ने ये भी खुलासा किया कि उनके लगातार तीन टीवी शो शुरू होने से पहले ही बंद हो गए। ऐसे में 'झनक' खत्म होने के बाद हिबा नवाब को करीब एक साल तक घर बैठना पड़ा था।
हिबा नवाब ने क्यों किया चुड़ैल के किरदार को हां?
हिबा नवाब ने इंटरव्यू में बताया कि वो पिछले करीब पांच साल से लगातार ड्रामा बेस्ड शोज कर रही थीं। ऐसे में वो कुछ नया करना चाहती थीं। उनकी ख्वाहिश थी कि वो कॉमेडी या सुपरनैचुरल जॉनर में भी काम करें। उनकी ये इच्छा 'लो चुड़ैल चली ससुराल' के जरिए पूरी हो गई। इस सुपरनैचुरल शो में वो उर्वशी नाम की एक प्यारी और खुशमिजाज चुड़ैल के किरदार में नजर आएंगी। हिबा नवाब को इस प्रोजेक्ट में वो दोनों चीजें मिल गईं, जिनकी तलाश वो काफी समय से कर रही थीं। इसलिए उनके पास इस ऑफर को ठुकराने की कोई वजह नहीं बची और उन्होंने इस शो के लिए हामी भर दी।
एक के बाद एक तीन शो हुए बंद
इसके बाद अपने करियर के मुश्किल समय को याद करते हुए हिबा ने बताया कि 'झनक' खत्म होने के बाद वो करीब एक साल तक घर पर रहीं। हिबा ने कहा कि वो किसी शो के खत्म होने के बाद खुद को थोड़ा समय देती हैं और दो से ढाई महीने का ब्रेक लेकर घर पर रहती हैं। लेकिन इस बार उनका आखिरी शो खत्म होने के बाद उनके हाथ से लगातार तीन प्रोजेक्ट निकल गए। ये तीनों शो बनने की तैयारी में थे, लेकिन आखिरी समय में किसी न किसी वजह से ठंडे बस्ते में चले गए। साथ ही उनके परिवार में भी कुछ परेशानियां चल रही थीं। इस वजह से बीता हुआ एक साल उनके लिए काफी मुश्किल रहा।
परिवार से छिपकर रखी शो की खबर
हिबा ने बताया कि वो काम से लंबे समय तक दूर नहीं रहना चाहती थीं और इसके लिए उन्हें बुरा लग रहा था। इसके अलावा उन्होंने अपने नए किरदार को लेकर एक मजेदार किस्सा भी सुनाया। हिबा ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने अपनी मां को भी इस शो के बारे में नहीं बताया था। उन्हें लगा था कि चुड़ैल का किरदार सुनकर परिवार वाले उनका मजाक उड़ाएंगे। वहीं, जब शो का प्रोमो आया और उनकी मां ने देखा, तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि तुम्हें तो तुम्हारा असली किरदार मिल गया, तुम तो चुड़ैल ही हो। इस पर हिबा ने भी मजाकिया अंदाज में जवाब दिया कि वो कोई डरावनी नहीं, बल्कि प्यारी चुड़ैल हैं। साथ ही दोस्तों ने भी उनके इस नए किरदार को लेकर खूब मजाक उड़ाया।