IBM News: अमेरिका में काम कर रहे भारतीय टेक कर्मचारियों के लिए बुरी खबर सामने आई है। बड़ी टेक कंपनी IBM ने अपने सबसे बड़े डिवीजन IBM कंसल्टिंग के ज्यादातर पदों के लिए H-1B वीजा और ग्रीन कार्ड की स्पॉन्सरशिप रोक दी है। इस फैसले के बाद कई भारतीय कर्मचारियों के सामने मुश्किल हालात पैदा हो गए हैं। कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों के आगे दो रास्ते रखे हैं। पहला यह कि वे अमेरिका छोड़कर किसी दूसरे देश में मौजूद IBM के दफ्तर में ट्रांसफर ले लें। दूसरा यह कि वे 31 दिसंबर 2026 तक कंपनी की नौकरी छोड़ दें।
कंपनी का पक्ष और कर्मचारियों के विकल्प
कंपनी ने यह साफ नहीं किया है कि इस कदम से कितने भारतीय कर्मचारियों पर असर पड़ेगा। हालांकि, इस मामले से जुड़े सूत्रों का मानना है कि प्रभावित होने वाले लोगों की गिनती हजारों में हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कर्मचारियों को अपना फैसला लेने के लिए तीन हफ्ते का वक्त दिया गया है। जो लोग कंपनी छोड़ने का रास्ता चुनेंगे, उन्हें तीन महीने की सैलरी सेवरेंस पे के तौर पर मिलेगी । ऐसे कर्मचारियों का आखिरी वर्किंग डे 31 दिसंबर तय किया गया है। द इंडियन एक्सप्रेस को दिए बयान में कंपनी ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। IBM के मुताबिक कंसल्टिंग डिवीजन कौशल की कमी पूरी करने के लिए अमेरिका के हाई-स्किल्ड वीजा कार्यक्रमों का इस्तेमाल करता रहा है, लेकिन बीते कुछ सालों में इसकी जरूरत कम हुई है। स्किल्स की उपलब्धता और ग्राहकों की बदलती जरूरतों को देखते हुए कंपनी ने ज्यादातर पदों पर वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद करने का निर्णय लिया है। गौरतलब है कि IBM के कंसल्टिंग डिवीजन में पूरी दुनिया में 1,50,000 से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं। यह डिवीजन क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसे क्षेत्रों में क्लाइंट्स को टेक्नोलॉजी और बिजनेस कंसल्टिंग सेवाएं देता है।
रीलोकेशन से सैलरी में 80% तक गिरावट की आशंका
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ब्लाइंड (Blind) पर IBM के कई भारतीय कर्मचारियों ने अपनी चिंता जाहिर की है। कर्मचारियों का कहना है कि अगर वे अमेरिका से लौटकर भारत में रीलोकेट होते हैं, तो वहां के लोकल सैलरी स्ट्रक्चर के हिसाब से उनकी कमाई में लगभग 80% तक की बड़ी कटौती हो सकती है।
सख्त वीजा नियम और बढ़ती लागत बनी वजह
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब अमेरिका में ट्रंप प्रशासन की अमेरिका फर्स्ट नीति के चलते विदेशी कामगारों के लिए नियम काफी सख्त हो गए हैं। प्रशासन ने नए H-1B आवेदनों पर 1 लाख डॉलर तक की भारी फीस लगा दी है। परमानेंट रेजिडेंस यानी ग्रीन कार्ड की PERM प्रक्रिया की जांच और शर्तों को भी कड़ा किया गया है। इन कानूनी अड़चनों और ऊंचे खर्च की वजह से कई अमेरिकी टेक कंपनियां विदेशी कर्मचारियों को स्पॉन्सर करने से बच रही हैं।