Egypt Highway Fire Hindi News : मिस्र की राजधानी काहिरा के पास एक हाईवे पर बुधवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेल से भरे टैंकर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि 24 से अधिक कारें और बाइक इसकी चपेट में आकर जल गईं। हादसे में 31 लोगों की जान गई। 21 से अधिक लोग घायल हुए।

बेकाबू होकर पलटा था टैंकर

दुर्घटना काहिरा के उपनगर इम्बाबा के वाराक जिले की है। बताया जा रहा कि तेल टैंकर बेकाबू होकर पलटा और फिर जोरदा धमाका हुआ। आग चारों तरफ फैल गई। कई लोग जलती गाड़ियों के भीतर फंस गए। उन्हें बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलते दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। आसपास के लोगों ने भी आगे बढ़कर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में बड़ी मदद की। राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर 39 एंबुलेंस लगाई गईं। घायलों को जायद स्पेशलाइज्ड, इंबाबा जनरल और वर्राक सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया। आग पर काबू पा लिया गया है। राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

सुरक्षा और आंकड़ों का नजरिया

मिस्र में सड़क हादसों में हर साल हजारों लोगों की मौत होती है। विशेषज्ञों और रिपोर्ट्स के अनुसार, तेज रफ्तार, सड़कों की खराब स्थिति और ट्रैफिक रूल का ठीक से पालन नहीं करना इन हादसों के मुख्य कारण हैं। इससे पहले जनवरी में बेनी सुएफ प्रांत के पास गाड़ियों की टक्कर में 21 लोगों की मौत हुई थी। 16 लोग घायल हुए थे। ऐसे हादसों से बचने के लिए भारी वाहनों की नियमित तकनीकी जांच, हाईवे पर स्पीड लिमिट का सख्त पालन और ज्वलनशील पदार्थ ले जाने वाले टैंकरों के लिए अलग सुरक्षा मानक बेहद जरूरी हैं। यात्रा के दौरान वाहन चालकों की सतर्कता और आपातकालीन सेवाओं की तेज प्रतिक्रिया कई कीमती जिंदगियां बचा सकती है।