Rahul Gandhi On Elections : लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने आज यानी 14 नवंबर 2026 को हैदराबाद में आयोजित भारत समिट को संबोधित करते हुए देश की चुनावी प्रक्रिया और 2024 के लोकसभा चुनाव की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने भारत चुनाव आयोग (ECI) की कार्यप्रणाली और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की आर्थिक बढ़त को लेकर तीखे आरोप लगाए। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने वाले 14 करोड़ लोगों को कुछ महीने पहले चुनाव आयोग की ओर से गैर-मतदाता या अस्तित्वहीन बताया गया। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा देश के कुल मतदाताओं का 13 प्रतिशत है। राहुल गांधी के अनुसार जिन 14 करोड़ लोगों ने 2024 के लोकसभा चुनाव में बाकायदा अपना वोट डाला, उन्हें बाद में अवैध या गैर-मतदाता करार दे दिया गया। जब चुनाव आयोग खुद इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं को अमान्य मान रहा है तो फिर वह चुनाव वैध कैसे माना जा सकता है?
2014 के चुनाव और चुनावी फंडिंग पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता ने 2014 के लोकसभा चुनावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2014 में देश ने चुनाव लड़ने का एक ऐसा नया तरीका देखा, जो इससे पहले कभी नहीं देखा गया था। राहुल गांधी ने दावा किया कि उस चुनाव के दौरान राजनीतिक व्यवस्था में करोड़ों-अरबों डॉलर झोंके गए थे। उन्होंने स्वीकार किया कि शुरुआती दौर में विपक्ष इस अचानक आए बदलाव को देखकर हैरान रह गया था और चुनावी राजनीति में हुए इस बड़े फेरबदल को पूरी तरह समझने में विपक्ष को एक दशक का समय लग गया। राहुल गांधी का मानना है कि इस पैसों के प्रभाव ने देश के उस पुराने चुनावी ढांचे को पूरी तरह बदल दिया, जहां पहले बेहद कड़े मुकाबले हुआ करते थे और गठबंधन सरकारों का दौर चलता था।
BJP की संपत्ति में 11 गुना बढ़ोतरी का आरोप
सत्तारूढ़ दल पर सीधा हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों के दौरान भाजपा की कुल संपत्ति में 11 गुना तक का इजाफा हुआ है। उन्होंने इस भारी आर्थिक वृद्धि के पीछे राजनीतिक और आर्थिक शक्तियों के एक ही जगह केंद्रित होने को मुख्य कारण बताया। उनके मुताबिक सत्ता और पैसे के इस गठजोड़ ने देश की लोकतांत्रिक और चुनावी व्यवस्था को गहराई से प्रभावित किया है।