इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) के पांचवें सीजन में क्रिकेट फैंस को कई नए नियम देखने को मिलेंगे। टूर्नामेंट के आयोजकों ने खेल को तेज बनाने और अंपायरों के फैसलों में एकरूपता लाने के लिए प्लेइंग कंडीशंस में बदलाव किए हैं। सबसे अहम बदलाव वाइड गेंद के नियम और 60 सेकंड के स्टॉप क्लॉक में किया गया है। अब यह स्टॉप क्लॉक सिर्फ गेंदबाजी टीम ही नहीं, बल्कि बल्लेबाजी टीम पर भी लागू होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर विपक्षी टीम को पांच पेनल्टी रन मिल सकते हैं। नए नियम 21 नवंबर से शुरू होने वाले ILT20 के पांचवें सीजन के पहले मुकाबले से लागू होंगे। टूर्नामेंट का फाइनल 20 दिसंबर को खेला जाएगा।

वाइड गेंद के लिए बनेगा नया बैटर जोन

ILT20 में अब वाइड का फैसला करने के लिए बल्लेबाज के सामने एक निर्धारित 'बैटर जोन' बनाया जाएगा। यह जोन क्रीज पर ऑफ साइड और लेग साइड की वाइड लाइन के अंदरूनी किनारों के बीच होगा। नए नियम के मुताबिक, यदि गेंद पूरी तरह इस निर्धारित जोन से बाहर निकल जाती है और बल्लेबाज उसे छू नहीं पाता, तो अंपायर उसे वाइड दे सकता है। बल्लेबाज के सामान्य रूप से खड़े रहने की स्थिति में सिर के ऊपर से निकलने वाली गेंद भी वाइड मानी जाएगी। खास बात यह है कि बल्लेबाज गेंद खेलने के लिए क्रीज पर अपनी जगह बदलता है, तब भी बैटर जोन के आधार पर ही वाइड का फैसला होगा। रिवर्स स्वीप और स्विच हिट के दौरान ऑफ साइड की मौजूदा वाइड लाइन का नियम लागू रहेगा।

बल्लेबाजी टीम पर भी लागू होगा 60 सेकंड का स्टॉप क्लॉक

अब तक 60 सेकंड का स्टॉप क्लॉक नियम केवल गेंदबाजी करने वाली टीम पर लागू होता था। इसके तहत गेंदबाजी टीम को पिछला ओवर खत्म होने के 60 सेकंड के भीतर अगला ओवर शुरू करने के लिए तैयार रहना होता था। पांचवें सीजन से यह नियम बल्लेबाजी टीम पर भी लागू होगा। अब दोनों बल्लेबाजों को पिछला ओवर समाप्त होने के 60 सेकंड के भीतर अगले ओवर के लिए तैयार रहना होगा। हर पारी में बल्लेबाजी टीम को दो बार चेतावनी दी जाएगी। तीसरी बार नियम का उल्लंघन होने पर गेंदबाजी करने वाली टीम को पांच पेनल्टी रन मिलेंगे। इसके बाद भी गलती दोहराने पर हर बार पांच रन की पेनल्टी लग सकती है। नए बल्लेबाज के क्रीज पर आने, चोट का इलाज, रणनीतिक ब्रेक, खराब मौसम, थर्ड अंपायर के रिव्यू और टीम के नियंत्रण से बाहर की परिस्थितियों में स्टॉप क्लॉक लागू नहीं होगा।

प्लेइंग इलेवन में UAE और अफगानिस्तान के खिलाड़ियों को जगह जरूरी

ILT20 ने घरेलू और क्षेत्रीय क्रिकेटरों को अधिक अवसर देने के लिए प्लेइंग इलेवन से जुड़े नियमों में भी बदलाव किया है। अब हर टीम की अंतिम एकादश में कम से कम दो संयुक्त अरब अमीरात (UAE), दो अफगानिस्तान और एक आईसीसी एसोसिएट सदस्य देश का खिलाड़ी होना अनिवार्य होगा। टीमों को मैदान पर खिलाड़ियों के बदलाव और सुपर सब के इस्तेमाल के दौरान भी इस न्यूनतम संयोजन को बनाए रखना होगा। यानी किसी खिलाड़ी के बाहर जाने या बदलाव होने पर भी निर्धारित संख्या में UAE, अफगानिस्तान और एसोसिएट देशों के खिलाड़ी मौजूद रहने चाहिए।

कन्कशन रिप्लेसमेंट के नियमों में भी बदलाव

पांचवें सीजन में कन्कशन रिप्लेसमेंट से जुड़े प्रावधान भी बदले गए हैं। अब टीमों को मैच से पहले पांच संभावित कन्कशन रिप्लेसमेंट खिलाड़ियों की सूची देने की जरूरत नहीं होगी। किसी खिलाड़ी के कन्कशन का मामला सामने आने पर टीम के डॉक्टर को इसकी पुष्टि करनी होगी और लीग के डॉक्टर की निगरानी में प्रक्रिया पूरी की जाएगी। रिप्लेसमेंट खिलाड़ी को संबंधित खिलाड़ी की भूमिका के अनुरूप होना होगा और इसके लिए मैच रेफरी की मंजूरी जरूरी रहेगी।

21 नवंबर से शुरू होगा ILT20 का पांचवां सीजन

इंटरनेशनल लीग टी20 का पांचवां संस्करण 21 नवंबर से 20 दिसंबर 2026 तक खेला जाएगा। इसमें छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। सीजन का पहला मुकाबला डेजर्ट वाइपर्स और MI एमिरेट्स के बीच दुबई में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में बाबर आजम, राशिद खान, निकोलस पूरन, फाफ डुप्लेसी, मोईन अली और डेविड मिलर जैसे कई बड़े अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नजर आएंगे। नए नियमों के कारण इस बार मुकाबलों में वाइड के फैसलों, ओवरों के बीच लगने वाले समय और टीमों के संयोजन पर खास नजर रहेगी।