अंडर-19 एशिया कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्तान ने भारत के सामने 228 रन का लक्ष्य रखा है। ओमान के अल अमीरत क्रिकेट ग्राउंड पर गुरुवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट पर 227 रन बनाए। टीम की ओर से नुमान सालारजई और शाह फैसल रहीमी ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। भारत के लिए ईशान सूद सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने तीन विकेट हासिल किए। अब भारतीय टीम को फाइनल में पहुंचने के लिए 228 रन बनाने होंगे।

नुमान और शाह ने संभाली अफगानी पारी

अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 51 रन के स्कोर तक अपने दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद सुब्हान जखाइल भी 31 रन बनाकर आउट हो गए। शुरुआती झटकों के बाद नुमान सालारजई और शाह फैसल रहीमी ने मोर्चा संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी कर टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला। नुमान ने 78 गेंदों पर 51 रन बनाए, जबकि शाह फैसल ने 72 गेंदों का सामना करते हुए 51 रन की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद कप्तान सोहेल खान ने पारी को आगे बढ़ाया और 36 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी पारी की मदद से अफगानिस्तान 227 रन तक पहुंचने में सफल रहा।

ईशान ने लिए तीन विकेट, पांच गेंदबाजों को मिली सफलता

भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर अफगानिस्तान को बड़ा स्कोर बनाने से रोके रखा। ईशान सूद ने 9 ओवर में 43 रन देकर तीन विकेट चटकाए। आर्यन सावसानी ने 29 रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। काव्या पटेल, यशवर्धन चौहान और अर्जुन राजपूत को एक-एक सफलता मिली। इस तरह भारत के पांच गेंदबाजों ने विकेट हासिल किए।

अफगानिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड बेहतर

भारत और अफगानिस्तान की अंडर-19 टीमों के बीच अब तक 13 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 11 मैच जीते हैं, जबकि अफगानिस्तान को दो मुकाबलों में जीत मिली है। इस रिकॉर्ड के आधार पर भारत का पलड़ा भारी रहा है। फाइनल में जगह बनाने के लिए भारतीय बल्लेबाजों को लक्ष्य हासिल करना होगा।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

भारत: लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीथ, यशवर्धन चौहान, अर्जुन राजपूत, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मानल चौहान, आर्यन सावसानी, काव्य पटेल, मोहित उल्वा और ईशान सूद।

अफगानिस्तान: आबिदुल्लाह नादरजान, फरीदुल्लाह एहसास, सुभान जखैल, नोमान सालारजई (विकेटकीपर), शाह फैसल रहीमी, आमिर हमजा, ताहिर सरवरी, सोहेल खान (कप्तान), मोहम्मद अली, नूर अली नियाजी और बिलाल सलीमंखिल।