भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने शनिवार को इतिहास रचते हुए एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार ट्रॉफी जीती। 338 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने आखिरी गेंद पर रोमांचक जीत दर्ज की। एक समय 252 रन पर आठ विकेट गंवाकर हार की कगार पर पहुंच चुकी टीम इंडिया को मनल चौहान और मोहित उल्वा ने शानदार साझेदारी कर जीत दिलाई। इससे पहले पाकिस्तान ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 337 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 49.6 ओवर में नौ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान से मिली हार का हिसाब भी बराबर कर दिया।
मनल और मोहित ने पलटा मुकाबले का रुख
338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 17.4 ओवर में 95 रन जोड़े। आर्यवीर 61 गेंदों पर 58 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में नौ चौके शामिल रहे। वहीं, कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 101 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 80 रन बनाए। दोनों सलामी बल्लेबाजों के पवेलियन लौटने के बाद भारतीय पारी दबाव में आ गई। वीके विनीत ने 24 रन बनाए, जबकि अर्जुन राजपूत 16 और यशवर्धन चौहान नौ रन बनाकर आउट हुए। विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ ने 12 गेंदों में 19 रन का योगदान दिया। आर्यन सावसानी नौ रन और काव्या पटेल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। देखते ही देखते भारत ने 252 रन पर आठ विकेट गंवा दिए और पाकिस्तान की जीत लगभग तय मानी जाने लगी। ऐसे मुश्किल वक्त में मनल चौहान और मोहित उल्वा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने नौवें विकेट के लिए महज 35 गेंदों में 57 रन की अहम साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया। मनल ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे। वह 48वें ओवर में आउट हो गए, लेकिन मोहित ने एक छोर संभाले रखा। मोहित उल्वा ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने पांच चौके और तीन छक्के लगाए। आखिरी गेंद पर भारत को जीत के लिए तीन रन की जरूरत थी। मोहित ने चौका जड़कर टीम इंडिया को एक विकेट से ऐतिहासिक जीत दिला दी।
उस्मान खान के शतक से पाकिस्तान ने बनाए 337 रन
इससे पहले टॉस के बाद बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने भारत के सामने 338 रन का लक्ष्य रखा। सलामी बल्लेबाज हयाम खान और उस्मान खान ने पहले विकेट के लिए 8.1 ओवर में 62 रन जोड़े। हयाम 23 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद उस्मान खान और अब्दुल कादिर ने भारतीय गेंदबाजों के सामने चुनौती पेश की। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी हुई। उस्मान ने 111 गेंदों में 107 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। वहीं, अब्दुल कादिर ने केवल 54 गेंदों में 80 रन ठोक दिए। उन्होंने तीन चौके और आठ छक्के लगाए। कप्तान फरहान यूसुफ ने भी 63 गेंदों में 60 रन की पारी खेली। इसके अलावा अहमद हुसैन ने 17 और विकेटकीपर हमजा जहूर ने 10 रन बनाए। पाकिस्तान की टीम एक समय बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही थी, लेकिन आखिरी ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की।
आखिरी छह ओवर में भारत ने झटके पांच विकेट
पाकिस्तान का स्कोर एक समय चार विकेट पर 299 रन था। ऐसा लग रहा था कि टीम 350 रन के पार पहुंच सकती है। भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम छह ओवरों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के पांच विकेट चटका दिए। इस दौरान पाकिस्तानी टीम केवल 37 रन जोड़ सकी और उसका स्कोर 337/9 तक ही पहुंच पाया। भारत की ओर से काव्या पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर में 68 रन देकर चार विकेट हासिल किए। चिगुरुपति वेंकट ने 40 रन देकर तीन बल्लेबाजों को आउट किया, जबकि अर्जुन राजपूत को एक सफलता मिली।
भारत ने नौवीं बार अपने नाम की ट्रॉफी
पाकिस्तान के खिलाफ इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 एशिया कप का खिताब रिकॉर्ड नौवीं बार जीत लिया। फाइनल में एक समय बेहद मुश्किल स्थिति में होने के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने आखिरी गेंद तक संघर्ष जारी रखा। मनल चौहान और मोहित उल्वा की साझेदारी ने टीम को हार के मुंह से निकालकर चैंपियन बना दिया। इससे पहले ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान ने भारत को हराया था। ऐसे में खिताबी मुकाबले में मिली जीत भारतीय टीम के लिए खास रही। आखिरी गेंद पर हासिल की गई इस जीत ने टूर्नामेंट के फाइनल को यादगार बना दिया।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11:
भारत: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, अर्जुन राजपूत, यशबर्धन चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनाल चौहान, मोहित उल्वा, आर्यन सवसानी, काव्या पटेल और चिगुरुपति वेंकटा।
पाकिस्तान: उस्मान खान, हयाम खान, अब्दुल कादिर, फरहान यूसुफ (कप्तान), अहमद हुसैन, अली रजा, हमजा जहूर (विकेटकीपर), हसनैन अब्बास डार, मोहम्मद सय्याम, रिजवानुल्लाह और निकाब शफीक।