अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में जगह बनाने के लिए भारतीय टीम आज अफगानिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। दोनों टीमों के बीच टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला ओमान के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। भारतीय टीम की नजरें जीत हासिल कर खिताबी मुकाबले में पहुंचने पर होंगी। वहीं, अफगानिस्तान की टीम भी शानदार प्रदर्शन के दम पर फाइनल का टिकट कटाना चाहेगी। इस मुकाबले में सबसे ज्यादा निगाहें आर्यवीर सहवाग पर रहेंगी। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने टूर्नामेंट में अपनी बल्लेबाजी से खास पहचान बनाई है। यूएई के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने 160 रन की शानदार पारी खेलकर भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

शानदार फॉर्म में हैं आर्यवीर सहवाग

आर्यवीर सहवाग इस समय टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं। उन्होंने अब तक तीन पारियों में 252 रन बनाए हैं। नेपाल के खिलाफ उन्होंने नाबाद 70 रन बनाए थे, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ 22 रन की पारी खेली थी। इसके बाद यूएई के खिलाफ 168 गेंदों पर 160 रन बनाकर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। आर्यवीर के अलावा अर्जुन राजपूत भी भारतीय बल्लेबाजी की अहम कड़ी हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 107 रन की शतकीय पारी खेली थी। गेंदबाजी में ईशान सूद और मनल चौहान ने प्रभावित किया है। ईशान ने अब तक आठ और मनल ने पांच विकेट हासिल किए हैं।

अफगानिस्तान का गेंदबाजी आक्रमण चुनौती

अफगानिस्तान की टीम ग्रुप बी में अपने सभी मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान पर रही है। टीम के बल्लेबाज फैसल रहीमी और सुभान जखैल ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है। वहीं, गेंदबाजी में नूर अली नियाजी सबसे प्रभावी रहे हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में 13 विकेट चटकाए हैं। आमिर हमजा ने भी पांच विकेट हासिल किए हैं। भारतीय टीम के लिए अफगानिस्तान के गेंदबाजों का सामना करना आसान नहीं होगा। खासकर पाकिस्तान के खिलाफ मिली हार के बाद भारतीय बल्लेबाजों को अपनी गलतियों से सीख लेकर बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

भारत ने आठ बार जीता है अंडर-19 एशिया कप

भारतीय टीम का अंडर-19 एशिया कप में शानदार रिकॉर्ड रहा है। भारत अब तक यह खिताब आठ बार जीत चुका है, जिसमें एक संयुक्त खिताब भी शामिल है। टीम इस बार भी ट्रॉफी अपने नाम करने के इरादे से उतरी है। हालांकि, फाइनल तक पहुंचने के लिए उसे अफगानिस्तान की चुनौती से पार पाना होगा।

भारत-अफगानिस्तान सेमीफाइनल: मैच कब और कहां देखें?

  • मुकाबला: अफगानिस्तान अंडर-19 बनाम भारत अंडर-19, दूसरा सेमीफाइनल
  • तारीख: गुरुवार, 12 नवंबर 2026
  • समय: सुबह 10:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
  • टॉस: सुबह 10:00 बजे
  • मैदान: अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड, ओमान
  • टीवी प्रसारण: सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क
  • लाइव स्ट्रीमिंग: SonyLIV ऐप और वेबसाइट

भारत-अफगानिस्तान का स्क्वाड

भारत अंडर19 टीम: लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, अर्जुन राजपूत, यशबर्धन चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनल चौहान, मोहित उलवा, आर्यन सवसानी, काव्या पटेल, ईशान सूद, यशवीर गौड़, कुशाग्र ओझा, रजत बघेल, शाविन विनोद।

अफगानिस्तान अंडर19 टीम: अबिदुल्ला नादरजान, फरीदुल्लाह ईहसास, सुभान जखैल, नोमान सलारजई (विकेटकीपर), शाह फैसल रहीमी, ताहिर सरवरी, अमीर हमजा, सोहेल खान (कप्तान), मोहम्मद अली, अब्दुल्ला हमदर्द, नूर अली नियाजी, सामी मुबारेज, बिलाल सलीमनखिल, लुत्फुल्लाह मोहम्मदी, इमरान मोहम्मदी, सुभान अली, फरीद जादरान, फैसल मुबारिज, अबिदुल्ला आबिद, हमजा खान अलीखिल।