भारत ने जापान में चल रहे एशियाई गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। भारत ने बुधवार को 5 घंटे के अंदर 4 गोल्ड मेडल जीते। भारत को पहला गोल्ड सुबह 7:45 बजे भारतीय महिला टीम ने तीरंदाजी के कंपाउंड इवेंट में दिलाया था। करीब 11:30 बजे शूटिंग के मिक्स्ड ट्रैप इवेंट में नीरू ढांडा और किनान चेनाई ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत को 9वां गोल्ड मेडल दिलाया। इसके कुछ देर बाद भारत ने एशियन गेम्स में अपना 10वां गोल्ड मेडल जीत लिया। यह मेडल भारत को कंपाउंड आर्चरी के पुरुष टीम इवेंट में मिला, जिसके साथ भारत मेडल टैली में 7वें स्थान पर पहुंच गया है।

ढांडा और किनान ने भारत को दिलाया गोल्ड

भारत को शूटिंग के मिक्स्ड ट्रैप इवेंट में नीरू ढांडा और किनान चेनाई की जोड़ी ने गोल्ड मेडल दिलाया। भारत की नीरू ढांडा और किनान चेनाई ने 34 पॉइंट्स के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। वहीं, कतर के हाथ सिल्वर मेडल आया। कतर ने 32 पॉइंट्स हासिल किए थे। चीन ने 23 पॉइंट्स के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। कतर और चीन के पॉइंट्स में काफी बड़ा अंतर रहा। ईरान ने 12 पॉइंट्स के साथ चौथा स्थान हासिल किया।

भारत को मिला 10वां स्वर्ण पदक

भारत को यह मेडल आर्चरी के पुरुष टीम इवेंट में मिला है। भारत के साहिल, गणेश और कुशल की तिकड़ी ने यह कारनामा कर दिखाया है। भारत का यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। साहिल राजेश, कुशल दलाल और मणि रत्नम गणेश की भारतीय तिकड़ी ने फाइनल में चीन को शिकस्त दी। तीन राउंड के बाद भारत 1 अंक से पीछे चल रहा था। कुल 18 शॉट्स के बाद चीन का स्कोर 179 और भारत का स्कोर 178 था। भारत ने आखिरी राउंड में खेल पलट दिया। चीन के छह शॉट्स में एक तीरंदाज ने 8 अंक हासिल किए, जिससे भारत को मौका मिल गया। भारत ने अंतिम राउंड के बाद 238 अंक बनाए, जबकि चीन की टीम 237 अंक ही बना पाई।