आईपीएल 2027 से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच एक अहम ट्रेड डील पर सहमति बनी है। इसके तहत भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी राजस्थान की टीम में जा सकते हैं, जबकि इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बन सकते हैं। इस प्रस्तावित सौदे में तमिलनाडु के बाएं हाथ के स्पिनर एम. सिद्धार्थ का नाम भी शामिल है। दोनों फ्रेंचाइजी की ओर से इस ट्रेड की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। ऐसे में इसे फिलहाल रिपोर्ट्स के आधार पर सामने आई जानकारी के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
शमी का IPL 2026 में कैसा रहा प्रदर्शन?
मोहम्मद शमी ने आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए 13 मुकाबले खेले और 12 विकेट हासिल किए। इस दौरान उनकी इकॉनमी 9.00 रही। उनके प्रदर्शन के बावजूद लखनऊ की टीम अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रही। शमी पिछले सीजन सनराइजर्स हैदराबाद से 10 करोड़ रुपये में लखनऊ की टीम में आए थे। राजस्थान रॉयल्स को शमी के आने से तेज गेंदबाजी में अनुभव मिलने की उम्मीद है। वह इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर के साथ नई गेंद से जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। पावरप्ले में विकेट निकालने की उनकी क्षमता टीम के लिए अहम साबित हो सकती है।
सैम करन से लखनऊ को क्या फायदा होगा?
सैम करन के लखनऊ सुपर जायंट्स में आने से टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में विकल्प मिलेंगे। वह मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने के साथ टी20 मैच के अलग-अलग चरणों में गेंदबाजी भी कर सकते हैं। लखनऊ के क्रिकेट डायरेक्टर टॉम मूडी के साथ भी करन पहले काम कर चुके हैं। दोनों की जोड़ी ओवल इनविंसिबल्स और डेजर्ट वाइपर्स में साथ रही है। करन ने इंग्लैंड को 2022 टी20 विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्हें टूर्नामेंट का प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया था। ऋषभ पंत के दिल्ली कैपिटल्स में लौटने के बाद लखनऊ की कप्तानी को लेकर भी चर्चा है। ऐसे में करन इस भूमिका के दावेदार बन सकते हैं।
एम. सिद्धार्थ भी राजस्थान में जा सकते हैं
इस ट्रेड में तीसरा नाम तमिलनाडु के बाएं हाथ के स्पिनर मनिमारन सिद्धार्थ का है। 28 वर्षीय सिद्धार्थ ने अब तक आईपीएल में नौ मुकाबले खेले हैं और नौ विकेट लिए हैं। उन्होंने 2024 के सीजन में विराट कोहली का विकेट भी हासिल किया था। सिद्धार्थ को लखनऊ ने 75 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा था। अगर यह डील पूरी होती है, तो राजस्थान रॉयल्स को तेज गेंदबाजी के साथ स्पिन विभाग में भी एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
करन की फीस बन सकती है डील में अड़चन
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैम करन की फीस को लेकर बातचीत में कुछ पेच फंसा हुआ है। चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 2.4 करोड़ रुपये में खरीदा था और बाद में इसी कीमत पर राजस्थान रॉयल्स को ट्रेड किया था। अब लखनऊ में जाने के लिए करन कथित तौर पर नई फीस की मांग कर रहे हैं। करन चोट के कारण आईपीएल 2026 में नहीं खेल पाए थे। इसके बाद इंग्लैंड में घरेलू क्रिकेट खेलने को लेकर राजस्थान के कोच कुमार संगकारा ने उनकी उपलब्धता पर सवाल उठाए थे। फिलहाल दोनों फ्रेंचाइजी के बीच कागजी प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है।