बॉलीवुड के मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर इस्माइल दरबार से जुड़ी एक बड़ी खबर आ रही है। इस्माइल दरबार और उनके परिवार को 17 साल बाद अब जाकर कोर्ट से इंसाफ मिला है। इस्माइल दरबार की मां जैतूनबीबी की मौत मेडिकल लापरवाही के कारण हुई थी। अब इस मामले में सूरत की अदालत ने डॉक्टर के खिलाफ फैसला सुनाया है और उन्हें दोषी ठहराते हुए 2 साल की सजा सुनाई है। आपको बता दें, ये मामला साल 2009 का है, जब इस्माइल दरबार की 70 साल की मां को बुखार था और उन्हें सूरत के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार का आरोप था कि अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टर और स्टाफ की लापरवाही की वजह से उनकी हालत बिगड़ती चली गई। अब अदालत ने सबूतों और गवाहों के आधार पर अपना फैसला सुनाया है।

क्या थी डॉक्टर की लापरवाही?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अस्पताल में इलाज के दौरान जैतूनबीबी ने पीठ में दर्द की शिकायत की थी। उन्हें दर्द में राहत देने के लिए पीठ पर गर्म पानी की थैली रखी गई थी। आरोप है कि अस्पताल के स्टाफ ने समय रहते इस थैली को नहीं हटाया और पूरी रात उनकी पीठ के नीचे गर्म पानी की थैली रखी रही। लंबे समय तक गर्म थैली पीठ के नीचे रहने से उनकी पीठ पर गंभीर घाव हो गए और उनकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। इसके बाद वो कोमा में चली गई थीं और काफी समय तक इलाज चलने के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। 12 फरवरी 2009 को अस्पताल में जैतूनबीबी का निधन हो गया। 

कोर्ट ने सुनाई डॉक्टर को सजा 

मां की मौत के बाद इस्माइल दरबार के परिवार ने अस्पताल में हुई इस लापरवाही के खिलाफ अपनी आवाज उठाई और इस्माइल की बहन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। फिर डॉक्टर और नर्स के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई। करीब 17 साल तक चली सुनवाई के बाद सूरत की अदालत ने डॉक्टर परेश भजियावाला को दोषी ठहराया है। अदालत ने उन्हें IPC की धारा 338 के तहत दो साल की सजा सुनाई है। इसाथ ही 1,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। वहीं, डॉक्टर को फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील करने का मौका देने के लिए जमानत भी दे दी गई है। 

16 गवाहों के बयान के बाद आया फैसला 

इस मामले में 16 से ज्यादा गवाहों के बयान दर्ज किए गए, जिनमें इस्माइल दरबार के परिवार वाले, मां का इलाज करने वाले डॉक्टर और पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर भी शामिल थे। अब मेडिकल रिपोर्ट और दूसरे सबूतों के आधार पर अदालत में अपना फैसला सुनाया है। अदालत के फैसले से इस्माइल दरबार के परिवार को 17 साल बाद इंसाफ मिला है। हालांकि, उनकी ये लड़ाई अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। अस्पताल से जुड़े दूसरे लोगों की जिम्मेदारी भी तय होनी बाकी है।