जम्मू-कश्मीर में कुलगाम के सीआरपीएफ नाके पर हुए एक आतंकी हमले में तीन जवान घायल हो गए। सीआरपीएफ की दी गई जानकारी के मुताबिक हमलावर मोटरसाइकिल पर आए औऱ नाके पर तैनात सीआरपीएफ के सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी कर भाग निकले।
यह आतंकी हमला दोपहर करीब 2 बजे के आसपास मीर बाज़ार के सीआरपीएफ कैंप के करीब हुआ। अज्ञात हमलावरों की गोलीबारी से ज़ख़्मी हुए जवानों को अनंतनाग के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक जवान की हालत गंभीर बती जा रही है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज
कुलगाम में हुए इस हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस फुटेज में नाके पर दो जवान तैनात दिखाई दे रहे हैं। वहीं गाड़ियों की आवाजाही के बीच गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई पड़ती है। जिसके बाद वहं मौजूद दूसरे जवान भी मोर्चा सम्हाल लेते हैं औऱ जवाबी फायरिंग करते हैं। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक 15 सेकंड के भीतर 30 से ज्यादा राउंड गोलीबारी की गई। लेकिन अज्ञात हमलावर भाग निकलने में कामयाब हो जाते हैं।
सर्च ऑपरेशन जारी
आतंकी हमले के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इलाके को लोगों को लॉउडस्पीकर से घरों में रहने की हिदायत दी गई है। हमले के बाद कैंप के आसपास बैरिकैडिंग बढ़ा दी गई है।
कुलगाम में ही थे एलजी मनोज सिन्हा
गंभीर बात यह है कि हमले के दौरान जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा कुलगाम में ही थे। लेकिन हमले के वक्त वह घटना स्थल से दूर थे। समझा जा रहा है कि आतंकी दहशत पैदा करने के साथ हमले से सरकार को भी चुनौती देना चाहते थे।
दो सालों में तीन बड़ी आतंकी वारदात
जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर आतंकवाद सिर उठा रहा है। इससे पहले 31 जुलाई, 2026 को कुलगाम में ही आतंकियों ने गैर कश्मीरी मजदूरों को अपना निशाना बनाया था। खबरों के मुताबिक आतंकियों ने मजदूरों से उनकी पहचान के बारे में पूछताछ कर उनकी हत्या की थी।
इससे हफ्ते भर पहले 22 जुलाई,2026 को अनंतनाग में आतंकियों ने एक पुलिसकर्मी को गोलियों से भून दिया था।
पिछले साल पहलगाम में आतंकी हमला
वहीं पिछले साल 22 अप्रेल को पहलगाम की बैसरन घाटी में पिछले बीस सालों में सबसे ज्यादा दहशतनाक हमला किया गया था। इस हमले में 25 सैलानियों समेत 26 लोगों को गोलियों से भून दिया था।