भारतीय क्रिकेट प्रशासन के लिए बड़ी खबर है। जय शाह को एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) का चेयरमैन चुना गया है। सोमवार, 16 नवंबर को बाली में हुई आईसीसी बोर्ड की बैठक में उन्हें निर्विरोध दूसरी बार इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। आईसीसी ने आधिकारिक बयान जारी कर उनके दोबारा चयन की पुष्टि की। जय शाह का दूसरा कार्यकाल ऐसे समय में शुरू हो रहा है, जब क्रिकेट को 2028 में लॉस एंजिल्स ओलंपिक में वापसी करनी है। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के विस्तार और नए देशों तक इस खेल की पहुंच बढ़ाने की दिशा में भी कई अहम योजनाओं पर काम होना है।

2024 में पहली बार संभाली थी जिम्मेदारी

जय शाह ने पहली बार अगस्त 2024 में आईसीसी चेयरमैन पद के लिए चुने जाने के बाद 1 दिसंबर 2024 को आधिकारिक तौर पर कार्यभार संभाला था। उन्होंने न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले की जगह ली थी। इससे पहले वह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव के रूप में काम कर चुके थे। दूसरी बार निर्विरोध चुने जाने पर जय शाह ने आईसीसी बोर्ड के सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस जिम्मेदारी को निभाना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जवाबदेही भी है। उनका लक्ष्य सदस्य देशों के साथ मिलकर क्रिकेट को दुनिया भर में आगे बढ़ाना है।

ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी बड़ी प्राथमिकता

जय शाह ने अपने बयान में कहा कि लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी इस खेल के लिए बड़ा अवसर है। इससे क्रिकेट को नए दर्शकों तक पहुंचाने और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करने में मदद मिलेगी। आईसीसी के मुताबिक, आने वाले वर्षों में महिला क्रिकेट को मजबूत करना, एसोसिएट देशों के लिए ज्यादा अवसर तैयार करना, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बुनियाद को मजबूत बनाना और खेल की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

भारत को मिलेंगी दो बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी

आईसीसी ने बाली में हुई बैठक के दौरान 2035 तक के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर से जुड़े फैसले भी किए। इसके तहत भारत को दो बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। भारत 2029 में चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा। वहीं, 2031 में भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से वनडे विश्व कप का आयोजन करेंगे। जय शाह का दूसरा कार्यकाल वैश्विक क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी, महिला क्रिकेट का विस्तार और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के नए स्वरूप पर खास ध्यान रहेगा।