उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक 22 वर्षीय युवक की अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल के इकलौते बेटे संभव खंडेलवाल के रूप में हुई है। वह बिठूर थाना क्षेत्र के सिंहपुर स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने गया था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस हादसे, आत्महत्या और हत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
दोपहर में दोस्त से मिलने पहुंचा था संभव
जानकारी के मुताबिक, संभव शनिवार दोपहर अपनी कार से घर से निकला था। करीब 3:30 बजे वह रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट के टावर-2 की छठी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में पहुंचा। कुछ समय बाद वह बालकनी से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल पारस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने अपार्टमेंट पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
संभव के परिवार ने घटना को संदिग्ध बताते हुए आरोप लगाया है कि उसे अपार्टमेंट से धक्का दिया गया हो सकता है। परिजनों ने उसके शरीर पर चोट और खरोंच के निशान होने के साथ मोबाइल में बातचीत से जुड़े डेटा को लेकर भी सवाल उठाए हैं। परिवार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। वहीं, अपार्टमेंट में रहने वाले युवती के परिजनों की ओर से इसे हादसा बताया गया है। उनका दावा है कि फ्लैट में मौजूद लोगों के साथ संभव की दोस्ताना मुलाकात थी और बालकनी के पास पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया। हालांकि, इस दावे की भी जांच की जा रही है।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। युवती और उसके परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि संभव की मौत दुर्घटना के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है।