बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। इस ग्रैंड वेडिंग में लाखों लोगों पहुंचे थे और खाने के काउंटर पर मची भगदड़ और अव्यवस्था ने सभी का ध्यान खींच लिया। इस दौरान के कई वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो को देखने के बाद टीवी एक्टर और 'बिग बॉस 13' फेम विशाल आदित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की है। बिहार से ताल्लुक रखने वाले विशाल आदित्य सिंह ने लोगों के इस बर्ताव पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी हरकतों से पूरे राज्य की छवि खराब होती है।

अनंत सिंह की बेटी की शादी में खाने पर हंगामा 

आपको बता दें, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की 25 नवंबर को बिहार के पटना जिले के नदवां गांव में शादी हुई थी। इस शादी को बेहद ग्रैंड बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई थीं। करीब 4 से 5 लाख लोगों के लिए खाने की व्यवस्था की गई थी। मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा तरह के पकवान तैयार किए गए। हालांकि, मेहमानों की भारी भीड़ के चलते खाने के इंतजाम प्रभावित होते नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग खाने के काउंटर पर एक-दूसरे को धक्का देते दिखाई दे रहे हैं। कहीं प्लेटों के लिए छीना-झपटी हुई तो कहीं लोग जमीन पर गिरे खाने को उठाते नजर आए। कुछ लोगों ने प्लेट न मिलने पर गत्ते और अखबार पर ही खाना शुरू कर दिया। जिसके बाद इस नजारे ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी।

वायरल वीडियो देख फूटा विशाल का गुस्सा

इस पूरे मामले पर अब एक्टर विशाल आदित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर लोगों के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि आखिर ऐसी कौन सी चीज थी, जिसके लिए लोग इस तरह आपस में धक्का-मुक्की कर रहे थे? विशाल ने अपने वीडियो में कहा कि लोगों में थोड़ा धैर्य और सामान्य समझ होनी चाहिए। किसी शादी में शामिल होने का मतलब ये नहीं है कि खाने के लिए अपनी मर्यादा ही भूल जाएं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वहां कोई ऐसी खास चीज मिल रही थी, जिसके लिए इस तरह की अफरा-तफरी मचाना जरूरी था? एक्टर ने आगे कहा कि लोगों के घरों में भी खाना बनता होगा। इसके बावजूद शादी के भोज में उनका ऐसा व्यवहार समझ से परे है। 

बिहार की छवि बिगाड़ने पर नाराज हुए विशाल 

उन्होंने रसगुल्ले और खाने की चीजों के लिए मची खींचतान पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने बिहार की छवि का जिक्र करते हुए कहा कि अगर लोग राज्य का सम्मान नहीं बढ़ा सकते तो कम से कम उसे बदनाम भी न करें। विशाल ने अपनी बात रखते हुए लोगों से सामाजिक जिम्मेदारी समझने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि किसी भी सार्वजनिक आयोजन में अनुशासन और दूसरों के प्रति सम्मान बेहद जरूरी है। ऐसी घटनाओं को देखकर चुप रहने के बजाय लोगों को गलत व्यवहार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए एक्टर ने आखिर में कहा, 'वेरी बैड, जय बिहार।' उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।