Sambhal Sanatan Padyatra : उत्तर प्रदेश के संभल में आज यानी 19 नवंबर 2026 को सनातन पदयात्रा के दौरान काफी हंगामा हुआ। बिना प्रशासनिक मंजूरी के निकाली जा रही यात्रा को रोकने के लिए पुलिस ने कड़े इंतजाम किए थे, लेकिन भीड़ और संतों ने बैरिकेडिंग तोड़ डाली। पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारी शाही जामा मस्जिद की तरफ बढ़ने पर अड़ गए। वैसे, अधिकारियों की 2 घंटे की मशक्कत और बातचीत के बाद संत यात्रा रोकने पर सहमत हुए। कैला देवी धाम के महंत ऋषिराज गिरि के नेतृत्व में यह पदयात्रा निकाली गई थी। दरअसल, 19 नवंबर 2024 को महंत ने जामा मस्जिद को प्राचीन हरिहर मंदिर बताते हुए अदालत में याचिका दायर की थी। इस याचिका के 2 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में यह प्रदर्शन किया गया। आयोजकों का दावा है कि इस यात्रा में 500 से 1000 संतों समेत 10 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए, जिनकी मुख्य मांग हरिहर मंदिर को मुक्त कराना है।

कैसे थमा बवाल और क्या रहा घटनाक्रम?

मां कैलादेवी धाम से सुबह 11:35 बजे शुरू हुई यह पदयात्रा एक किलोमीटर आगे निकल चुकी थी। रास्ते में 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने बैरिकेडिंग लगाकर भीड़ को रोकने का प्रयास किया, जिससे नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। एसडीएम विकास चंद्र, सीओ बहजोई स्तुति सिंह और संभल सीओ कुलदीप सिंह ने मोर्चा संभाला। अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट में इस विवादित धार्मिक स्थल का मामला विचाराधीन होने का हवाला देकर संतों को समझाया। सफल वार्ता बाद दोपहर 12:45 बजे यात्रा समाप्त कर दी गई। वैसे, श्रद्धालु अभी भी मंदिर परिसर के भीतर मौजूद हैं, जिसे देखते हुए शाम 6 बजे तक पुलिस और मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है।

महंत ऋषिराज गिरि के तीखे बोल और दलीलें

कैलाधाम मंदिर के श्रीरामलीला मंच से भीड़ को संबोधित करते हुए महंत ऋषिराज गिरि ने आंदोलन में शामिल स्थानीय लोगों को शेर बताया। उन्होंने 24 नवंबर 2024 को हुई पत्थरबाजी की घटना पर सफाई देते हुए कहा कि इसके लिए हिंदू पक्ष जिम्मेदार नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने पथराव किया था और युवकों की मौत के बाद बेवजह प्रशासन को बदनाम किया गया। महंत ने यह भी कहा कि यदि उस दिन प्रशासन और अधिकारी केके बिश्नोई मुस्तैद न होते, तो वहां हिंदुओं का नरसंहार हो सकता था। बिना अनुमति यात्रा निकालने के पुलिस के दावे पर महंत ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई अनुमति मांगी ही नहीं थी। उनके अनुसार अनुमति किसी नई परंपरा को शुरू करने के लिए ली जाती है, जबकि हरिहर मंदिर के परकोटे की परिक्रमा करना एक पुरानी सनातन परंपरा है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में मामला लंबित होने के बावजूद लोग अपनी श्रद्धा और समय के अनुसार परिक्रमा करते हैं, जिससे नई पीढ़ी को हरिहर मंदिर और कल्कि प्राकट्य स्थल के इतिहास की जानकारी मिलती है। विवादित स्थल पर नमाज पढ़े जाने पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने कहा कि 1978-79 तक वहां भजन-कीर्तन होते थे, जिन्हें बंद करा दिया गया, जबकि आज भी वहां नमाज जारी है। उन्होंने दोहराया कि वे अमन-चैन बिगाड़ने नहीं, बल्कि प्रेम और सौहार्द के साथ परिक्रमा करने निकले थे और प्रशासन जहां तक जाने देगा, वे वहीं तक जाएंगे।

संभल के हरिहर मंदिर और जामा मस्जिद का पूरा विवाद क्या है?

संभल के कोट पूर्वी मोहल्ले में स्थित इस धार्मिक स्थल को लेकर लंबे समय से कानूनी और ऐतिहासिक विवाद चल रहा है। हिंदू पक्ष का दावा है कि साल 1529 में मुगल शासक बाबर के आदेश पर प्राचीन हरिहर मंदिर को ध्वस्त कर वहां मस्जिद का निर्माण कराया गया था। इसके विपरीत, मस्जिद कमेटी इन दावों को सिरे से खारिज करती है। कमेटी का कहना है कि यह इमारत शुरुआत से ही मस्जिद रही है और मंदिर तोड़े जाने का कोई ठोस प्रमाण मौजूद नहीं है। गौरतलब है कि दो साल पहले 24 नवंबर 2024 को जब अदालत के आदेश पर मस्जिद का सर्वे किया जा रहा था, तब इलाके में भीषण हिंसा भड़क उठी थी, जिसमें चार लोगों की जान चली गई थी।

सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम और प्रशासनिक सतर्कता

संवेदनशील हालात को देखते हुए संभल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। विवादित स्थल के आसपास त्रिस्तरीय (तीन स्तर की) सुरक्षा घेरा बनाया गया है। डीएम अंकित खंडेलवाल ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 19 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने सुरक्षा की कमान पांच सीओ, सात थानों की पुलिस फोर्स, दो कंपनी पीएसी (PAC) और एक कंपनी आरआरएफ (RRF) को सौंपी है। कैलादेवी धाम से लेकर विवादित स्थल तक चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात हैं। शहर की हर गतिविधि पर सत्यव्रत चौकी स्थित इंटीग्रेटेड सीसीटीवी कंट्रोल रूम से पैनी नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ भी पुलिस की साइबर टीम सख्त निगरानी कर रही।