मशहूर बंगाली एक्ट्रेस और पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती ने अपने फैंस को बड़ा सरप्राइज दे दिया है। एक्ट्रेस ने अचानक शादी कर ली और अब अपनी इस सीक्रेट वेडिंग की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लोगों की दिलचस्पी बढ़ा दी है। एक्ट्रेस ने यूं चोरी-छिपे शादी कर सभी को हैरान कर दिया है। अब हर कोई जानना चाहता है कि आखिर मिमी चक्रवर्ती के दूल्हे राजा हैं कौन? साथ ही शादी से जुड़ी डिटेल्स को लेकर भी लोगों में काफी एक्साइटमेंट दिखाई दे रही है। एक्ट्रेस की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।  

मिमी चक्रवर्ती ने सिद्धार्थ दत्ता से की शादी 

आपको बता दें, 26 नवंबर को सिद्धार्थ दत्ता के साथ प्राइवेट सेरेमनी में शादी कर मिमी चक्रवर्ती ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शादी की कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं, जिसके बाद से ही उन्हें बधाइयां मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। मिमी चक्रवर्ती ने अपनी शादी को फिल्मी सितारों की तरह ग्रैंड इवेंट बनाने की जगह इसे प्राइवेट रखा। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, शादी कोलकाता में उनके घर पर ही हुई है और इस दौरान दोनों परिवारों के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल हुए। बाद में मिमी चक्रवर्ती ने 26 नवंबर को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर तस्वीरें शेयर कर शादी की खबर को कन्फर्म कर दिया।  

तस्वीरों में मिमी ने नहीं दिखाया पति का चेहरा 

तस्वीरों में मिमी और सिद्धार्थ शादी की अंगूठियां दिखाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान सिद्धार्थ की सिर्फ झलक देखने को मिली है और उनका चेहरा नजर नहीं आ रहा है। एक तस्वीर में मिमी अपने पति को अंगूठी पहना रही हैं, तो एक में दोनों एक-दूसरे को गले लगाते दिखाई दिए। वहीं, एक तस्वीर में कपल को शादी की कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए भी देखा जा सकता है। मिमी ने इन तस्वीरों के साथ कोई लंबा कैप्शन नहीं लिखा, बल्कि लाल दिल वाले इमोजी शेयर कर अपनी खुशी जाहिर की है। अपने शादी में मिमी ने क्रीम और गोल्डन कलर की खूबसूरत हैवी साड़ी पहनी और दूल्हे राजा उनके साथ ट्विनिंग करते हुए नजर आए।  

कौन हैं मिमी चक्रवर्ती के पति?

आपको बता दें, मिमी के पति सिद्धार्थ दत्ता एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से नहीं हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो मर्चेंट नेवी से जुड़े हैं और मरीन इंजीनियर हैं। सिद्धार्थ लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं और इसी वजह है कि एक्ट्रेस ने अब तक अपने रिश्ते को लोगों की नजरों से दूर रखा था। सुनने में तो ये भी आ रहा है कि दोनों की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई और अब दोनों ने अपने रिश्ते को शादी का नाम दे दिया है। कोलकाता में कानूनी रूप से शादी करने के बाद मिमी और सिद्धार्थ पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाजों के साथ भी शादी करने वाले हैं। 

बंगाली रीति-रिवाजों से कब होगी शादी?

लेटेस्ट रिपोर्ट्स के मुताबिक, 5 दिसंबर को पश्चिम बंगाल के खूबसूरत हिल स्टेशन कालिम्पोंग में ये शादी हो सकती है। शादी के फंक्शन्स की शुरुआत 3 दिसंबर से होने की खबर है। इस दिन कॉकटेल और डिनर पार्टी हो सकती है। इसके बाद 4 दिसंबर को मेहंदी और संगीत रखा जा सकता है। वहीं, 11 दिसंबर को कोलकाता में रिसेप्शन हो सकता है, जिसमें बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के कई सेलेब्स और करीबी लोग शामिल हो सकते हैं। बता दें, अब शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद मिमी के फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग उन्हें शादी की शुभकामनाएं दे रहे हैं।