उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर तितावी थाना क्षेत्र के जागाहेड़ी पुल के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार पलट गई और उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पलटी कार
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह एक कार शामली की ओर से मुजफ्फरनगर आ रही थी। जागाहेड़ी पुल के पास चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क की दूसरी ओर जाकर पलट गई। कार में CNG किट लगी हुई थी। हादसे के बाद वाहन में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में पूरी कार जलने लगी।
पुलिस और दमकल की टीम ने बुझाई आग
हादसे के बाद हाईवे से गुजर रहे लोगों ने कार में आग लगी देख पुलिस को सूचना दी। राहगीरों ने डायल 112 पर भी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार में सवार सभी छह लोगों की मौत हो चुकी थी।
हादसे की वजह की जांच में जुटी पुलिस
तितावी थाना प्रभारी जयवीर सिंह के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में सभी मृतकों के हरियाणा के जींद जिले का निवासी होने की बात सामने आई है। हादसे के समय उनके परिजन मौके पर नहीं पहुंचे थे। पुलिस मृतकों की पहचान और परिवारों से संपर्क करने की प्रक्रिया में जुटी है।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कार अनियंत्रित किन परिस्थितियों में हुई और टक्कर के बाद उसमें आग कैसे लगी। हादसे में छह लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।