Om Prakash Rajbhar On Akhilesh Yadav : उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोला है। राजभर सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए तंज कसा कि आजम खान कुछ समय के लिए जेल से बाहर आए हैं, लेकिन इस बात से अखिलेश यादव को कोई खास खुशी नजर नहीं आई। उनके मुताबिक अखिलेश ने न तो आजम खान से बातचीत या दुआ-सलाम की और न ही उनसे मिलने की जहमत उठाई। यहां तक कि मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर भी आजम खान को लखनऊ नहीं बुलाया गया।
पिता और चाचा का जिक्र कर साधा निशाना
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि जब अखिलेश यादव ने अपने पिता और सगे चाचा को ही अहमियत नहीं दी तो फिर आजम खान को क्या अहमियत देंगे। सपा के जाने-माने एम-वाई समीकरण पर चुटकी लेते हुए राजभर ने कहा कि अखिलेश जिसे भाईचारा बताते हैं, उसमें भाई के तौर पर उनके करीबी लोग हमेशा बने रहते हैं, लेकिन चारा का चेहरा समय के साथ बदलता रहता है। उन्होंने जोड़ा कि पहले इस जगह पर आजम खान थे और अब कोई और आ गया है।
'दग चुकी गोली' और सियासी सौदेबाजी पर चेताया
राजभर के अनुसार अखिलेश यादव को यह महसूस होने लगा है कि आजम खान अब दग चुकी गोली साबित हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि कभी आजम खान सैफई सिंडिकेट के लिए पश्चिमी यूपी का राजनीतिक अंडरवर्ल्ड संभालते थे, पर अब हालात पहले जैसे नहीं हैं। आजम खान के कथित बिकने को तैयार वाले बयान का हवाला देते हुए राजभर ने अखिलेश यादव को सावधान रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि आजम खान को खरीदने के लिए बाजार में दाढ़ी और मूंछ वाले लोग पहले से ही सक्रिय हैं।
कब जेल से रिहा हुए आजम खान?
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद आजम खान पिछले सप्ताह ही डासना जेल से रिहा किए गए हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट से आदेश मिलने के बाद उन्हें रिहा किया गया है। उनकी रिहाई के वक्त जेल के बाहर सैकड़ों समर्थक जुटे थे। आजम खान ने जेल से बाहर आने के बाद कहा था कि अब विधानसभा चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा। उन्होंने जेल के खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा था कि वैसा खाना तो कुत्ता भी नहीं खाए।