पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रावलपिंडी में खेली जा रही टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान टीम के तीन नए खिलाड़ियों ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो टेस्ट क्रिकेट के 149 साल के इतिहास में सिर्फ दूसरी बार देखने को मिला है। पाकिस्तान के तैयब आरिफ, मोहम्मद ताहा और अराफात मिन्हास ने अपने डेब्यू टेस्ट की एक ही पारी में अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया। इससे पहले साल 1992 में जिम्बाब्वे के तीन बल्लेबाजों ने यह उपलब्धि हासिल की थी।

तीनों डेब्यूटेंट ने जड़े अर्धशतक

पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ इस मुकाबले में चार खिलाड़ियों को टेस्ट डेब्यू का मौका दिया था। इनमें तैयब आरिफ, मोहम्मद ताहा, अराफात मिन्हास और साकिब खान शामिल थे। बल्लेबाजी में उतरे तैयब और ताहा ने पहले ही दिन अर्धशतक लगाकर अपनी प्रतिभा दिखाई। तैयब आरिफ ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों पर 57 रन बनाए। उनकी पारी में नौ चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं, मोहम्मद ताहा ने संयम के साथ खेलते हुए 105 गेंदों पर 51 रन की पारी खेली। इसके बाद अराफात मिन्हास ने भी दूसरे दिन 72 गेंदों पर 52 रन बनाकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि को पूरा कर दिया। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया। इस तरह पाकिस्तान के तीन डेब्यूटेंट एक ही टेस्ट पारी में 50 से ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की खास सूची में शामिल हो गए।

1992 में जिम्बाब्वे ने पहली बार बनाया था रिकॉर्ड

टेस्ट क्रिकेट में इससे पहले केवल एक बार ऐसा हुआ था, जब किसी टीम के तीन खिलाड़ियों ने अपने डेब्यू मैच की एक ही पारी में अर्धशतक लगाए थे। यह उपलब्धि 1992 में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के मुकाबले में देखने को मिली थी। उस मैच में डेव हॉटन, ग्रांट फ्लावर और एंडी फ्लावर ने अर्धशतक जड़े थे। जिम्बाब्वे अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहा था। अब करीब 34 साल बाद पाकिस्तान के तीन खिलाड़ियों ने इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। खास बात यह है कि पाकिस्तान ऐसा करने वाला पहला स्थापित टेस्ट खेलने वाला देश बन गया है।

पाकिस्तान ने पहली पारी में बनाए 434 रन

तीनों नए बल्लेबाजों के अलावा पाकिस्तान की ओर से सऊद शकील ने भी शानदार पारी खेली। वह शतक से चूक गए और 93 रन बनाकर आउट हुए। विकेटकीपर बल्लेबाज गाजी घोरी ने 48 रन का योगदान दिया, जबकि बाबर आजम ने 50 रन बनाए। पाकिस्तान ने पहली पारी में 106.3 ओवर खेलकर 9 विकेट के नुकसान पर 434 रन बनाए और पारी घोषित कर दी। श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो और दिलशान मदुशंका ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।

श्रीलंका ने तीसरे दिन की वापसी

पाकिस्तान के बड़े स्कोर के जवाब में श्रीलंका ने तीसरे दिन मजबूत बल्लेबाजी की। दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने 4 विकेट पर 404 रन बना लिए थे और वह पाकिस्तान से केवल 30 रन पीछे थी। कुसल मेंडिस 117 रन और कप्तान धनंजय डी सिल्वा 167 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 249 रन की अटूट साझेदारी हुई। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद अब्बास और साकिब खान ने दो-दो विकेट लिए।