Samsung Galaxy A58 Geekbench : सैमसंग ने इस साल की शुरुआत में भारत में अपने मिड-रेंज स्मार्टफोन गैलेक्सी A57 और गैलेक्सी A37 को बाजार में उतारा था। मिलते-जुलते लुक और एक जैसी खूबियों के चलते लोगों ने इन दोनों हैंडसेट को खूब पसंद किया। चर्चा है कि यह दक्षिण कोरियाई कंपनी इनके अगले अपग्रेडेड वर्जन लाने की तैयारी में लग गई है। ऑनलाइन स्पेस में सैमसंग गैलेक्सी A58 और गैलेक्सी A38 से जुड़ी कई डिटेल्स सामने आ रही हैं। हाल में इन दोनों आने वाले फोन को एक बेंचमार्किंग साइट पर स्पॉट किया गया है। इस लिस्टिंग से इनके चिपसेट, मेमोरी, सॉफ्टवेयर और परफॉर्मेंस के बारे में अहम बातें पता चली हैं।

गीकबेंच लिस्टिंग से क्या-क्या सामने आया?

बेंचमार्किंग टूल गीकबेंच पर सैमसंग के दो नए मॉडल्स SM-A586B और SM-A386B के नाम से दर्ज हुए हैं। इससे पहले भी ये मॉडल नंबर्स अलग-अलग सर्टिफिकेशन पोर्टल्स पर दिख चुके हैं। इन्हें गैलेक्सी A58 और गैलेक्सी A38 से जोड़कर देखा जा रहा। नई लिस्टिंग से यह बात स्पष्ट हो गई है कि ये दोनों डिवाइस कुछ चुनिंदा ग्लोबल बाजारों में नए एंड्रॉयड 17 ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ पेश किए जाएंगे। हालांकि, सैमसंग ने अभी तक इन स्मार्टफोन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

गैलेक्सी A58 में मिल सकता है पुराना प्रोसेसर

गीकबेंच के आंकड़ों के अनुसार सैमसंग गैलेक्सी A58 में सैमसंग S5E8865 चिपसेट दिया गया है। इसे कंपनी का Exynos 1680 प्रोसेसर माना जा रहा। दिलचस्प बात है कि पिछले वर्जन गैलेक्सी A57 में भी यही प्रोसेसर मौजूद था। इस चिपसेट में कुल नौ सीपीयू कोर मिलते हैं। इनमें 1.95GHz की स्पीड वाले चार एफिशिएंसी कोर, 2.7GHz वाले चार परफॉर्मेंस कोर और 3.0GHz की पीक क्लॉक स्पीड वाला एक प्राइम कोर शामिल है। ग्राफिक्स के लिए इसमें सैमसंग Xclipse 550 जीपीयू लगाया गया है। टेस्टिंग के दौरान इस हैंडसेट में 7.08GB रैम दिखी है, जिसे मार्केट में 8GB रैम वेरिएंट के रूप में लाया जा सकता है।

गैलेक्सी A38 को मिलेगी मीडियाटेक की ताकत

दूसरी तरफ गैलेक्सी A38 को गीकबेंच पर मीडियाटेक MT6881 प्रोसेसर के साथ देखा गया है। इसे ऑक्टा-कोर मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7500 चिपसेट बताया जा रहा है। ग्राफिक्स संभालने के लिए इसमें ARM Mali-G625 MC2 जीपीयू दिया गया है। प्रोसेसर के आर्किटेक्चर की बात करें तो इसमें 2.0GHz पर चलने वाले चार एफिशिएंसी कोर और 2.6GHz तक की अधिकतम स्पीड देने वाले चार परफॉर्मेंस कोर दिए गए हैं। यह मॉडल लिस्टिंग में 5.07GB रैम के साथ दिखा है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंपनी इसे 6GB रैम विकल्प के साथ पेश कर सकती है।

दोनों स्मार्टफोन के परफॉर्मेंस स्कोर

बेंचमार्किंग टेस्ट में इन दोनों फोन ने अपने-अपने सेगमेंट के हिसाब से ठीक प्रदर्शन किया है। सैमसंग गैलेक्सी A58 को सिंगल-कोर टेस्ट में 1183 अंक और मल्टी-कोर टेस्ट में 3759 अंक मिले हैं। गैलेक्सी A38 का सिंगल-कोर स्कोर 996 अंक रहा। मल्टी-कोर टेस्ट में इसने 2417 अंक हासिल किए हैं। इन नंबरों से संकेत मिलता है कि रोजमर्रा के काम और मल्टीटास्किंग में दोनों डिवाइस अच्छी स्पीड दे सकते हैं। वैसे, बेहतर चिपसेट के चलते A58 थोड़ा आगे दिखता है।

कैमरा और बैटरी से जुड़ी खास बातें

रिपोर्ट्स में दोनों अपकमिंग मिड-रेंज फोन के कैमरा और बैटरी को लेकर भी जानकारियां सामने आई हैं। कहा जा रहा कि गैलेक्सी A58 और गैलेक्सी A38 दोनों के बैक पैनल पर ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलेगा। इसका मुख्य सेंसर 50 मेगापिक्सल का होगा। गैलेक्सी A38 में दमदार बैकअप के लिए 6000mAh की बड़ी बैटरी दिए जाने की बात कही जा रही। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन के फ्रंट में 12 मेगापिक्सल का कैमरा सेंसर मिल सकता है।