Sanjay Dutt Latest Statement : एक्टर संजय दत्त हालिया बयानों एवं अनूठे अंदाज़ को लेकर चर्चा में आ गए हैं। सीनियर एक्टर शेखर सुमन के टॉक शो शेखर टुनाइट में पहुंचे संजय दत्त ने देश के मौजूदा हालात, सामाजिक सौहार्द और वैश्विक राजनीति पर कहा कि भारत के लोग बेहद दिलदार और मेहमाननवाज हैं। मगर, आजकल उन्हें देश के भीतर पहले जैसी शांति और सुकून महसूस नहीं होता। संजय दत्त ने भगवान शिव से प्रार्थना करते हुए कहा कि देश में फिर से वही पुराना भाईचारा और शांति का माहौल वापस आना चाहिए। गांधी जयंती पर प्रसारित हुए इस खास एपिसोड में 67 वर्षीय अभिनेता ने अपने बहुचर्चित किरदार मुन्ना भाई के अंदाज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अमेरिकी राष्ट्रपति तक पर कई तीखे और मजेदार तंज कसे।
'मैं प्रधानमंत्री बनता तो...'
शो के एक रोचक सेगमेंट में जब संजय दत्त से पूछा गया कि उन्हें केवल 5 मिनट के लिए देश का प्रधानमंत्री बना दिया जाए तो वे क्या करेंगे? इस पर उन्होंने तुरंत मुन्ना भाई की टोन पकड़ ली और मजाकिया लहजे में देशवासियों से कहा, पीएम बनने के बाद वे जश्न मनाने के लिए तुरंत विदेश दौरों पर नहीं निकलेंगे, बल्कि देश में रहकर आम जनता से सीधा कनेक्शन बनाएंगे।
गांधी जी के 'चौथे बंदर' की जरूरत पर दिया जोर
एक्टर ने राष्ट्रपिता के 3 बंदरों का जिक्र किया एवं एक चौथे बंदर की अवधारणा पेश की। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सिर्फ बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो और बुरा मत कहो से काम नहीं चलेगा। हर कोई आंख-कान बंद कर बैठ जाएगा तो गलत चीजों को ठीक कौन करेगा? इसलिए एक चौथा बंदर भी होना चाहिए, जो बुराई देखकर उसे सुधारने की पहल करे।
सरकारी फोटो पर ली चुटकी
संजय दत्त ने सरकारी दफ्तरों और सार्वजनिक जगहों पर नेताओं के पोस्टरों एवं तस्वीरों पर व्यंग्य करते हुए कहा कि वे पीएम बनते हैं तो अपनी तस्वीरें हटवाकर वहां गांधीजी की फोटो लगवाएंगे, क्योंकि किसी नेता के चेहरे से ज्यादा उसके विचार महत्वपूर्ण होते हैं। अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर बात करते हुए उन्होंने 'ट्रंप मामू' को गांधीगिरी सिखाने की बात कही। दुनिया में मिसाइलों की जगह प्यार का निर्यात होना चाहिए। किसी देश पर हमला करने से पहले उसे बातचीत और चाय के लिए आमंत्रित किया जाना चाहिए।
शांति का दिया संदेश
संजय दत्त की इस पूरी बातचीत ने साल 2006 में आई उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म लगे रहो मुन्ना भाई की यादों को तरोताजा कर दिया। जिस तरह उस फिल्म में गांधीगिरी के जरिए सामाजिक संदेश दिया गया था, ठीक उसी तरह इस शो में भी उन्होंने शांति व सद्भाव का पैगाम दिया। दर्शकों को उनका यह अंदाज बेहद पसंद आ रहा है और सोशल मीडिया पर यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है।