उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में मां और उसकी दो बेटियों की जान चली गई। बाबरी थाना क्षेत्र के कैड़ी गांव में एक मकान में अचानक आग लग गई। इस दौरान घर में रखे दो गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए। आग इतनी तेजी से फैली कि एक कमरे में सो रही महिला और उसकी दोनों बेटियां बाहर नहीं निकल सकीं। हादसे में परिवार के तीन अन्य सदस्य सुरक्षित बच गए।

आधी रात को मकान में लगी आग, दो सिलेंडरों में हुआ विस्फोट

यह हादसा कैड़ी गांव में बुधवार देर रात हुआ। मकान में रहने वाले साजिद की पत्नी शाहिदा अपनी दो बेटियों अदन और माहिरा के साथ एक कमरे में सो रही थीं। वहीं, साजिद अपने दो बेटों के साथ दूसरे कमरे में थे। इसी दौरान घर में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और मकान में रखे दो गैस सिलेंडर तेज धमाकों के साथ फट गए। आग और धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने परिवार को बचाने और आग बुझाने की कोशिश की। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि महिला और उसकी बेटियों को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका।

मां और दोनों बेटियों की मौत, पिता-बेटे सुरक्षित

हादसे में शाहिदा और उनकी बेटियों अदन व माहिरा की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दूसरी ओर, दूसरे कमरे में मौजूद साजिद और उनके दोनों बेटे किसी तरह बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई। घटना में मकान को भी काफी नुकसान पहुंचा है। आग की चपेट में आने से घर का सामान जल गया और मकान का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

डीएम और एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की दो गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जिलाधिकारी प्रवीण वर्मा और एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। सिलेंडर में धमाके और आग फैलने की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।