चिप्स, बिस्किट, नमकीन और कोल्ड ड्रिंक जैसे पैकेज्ड फूड खरीदने वालों के लिए एक खास खबर सामने आ रही है। अब फूड पैकेजिंग से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव हुआ है। सुप्रीम कोर्ट ने ज्यादा चीनी, नमक और फैट वाले पैकेज्ड फूड को लेकर एक बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) आदेश दिया है कि ऐसे प्रोडक्ट्स के पैकेट पर अलग-अलग वार्निंग वाले निशान लगाए जाएं। इससे ग्राहकों को सामान खरीदते समय पता रहेगा कि किसी प्रोडक्ट में किस न्यूट्रिएंट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा है। 

पैकेज्ड फूड की पैकिंग पर SC का फैसला 

सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि सिर्फ पैकेट के पीछे दी गई जानकारी से कंज्यूमर को चीजों के नुकसान में बारे में समझ नहीं आएगा। पैकेट के सामने वार्निंग देना जरूरी है, ताकि लोग अपने खाने को लेकर सही फैसला कर सकें। SC ने निर्देश दिया है कि ज्यादा फैट, शुगर या साल्ट वाले प्रोडक्ट्स पर अलग-अलग 6 कोणों वाली आकार के वार्निंग साइन लगाए जाएं। इन निशानों पर न्यूट्रिएंट की तस्वीर के साथ 'High Fat', 'High Sugar' या 'High Salt' भी लिखा होना चाहिए। यानी अगर किसी प्रोडक्ट में चीनी और नमक दोनों की मात्रा ज्यादा है, तो उसके पैकेट पर दोनों के लिए अलग-अलग वॉर्निंग्स देनी होंगी। 

पैकेट पर करने होंगे कौन-से बदलाव? 

सुप्रीम कोर्ट ने ये भी कहा है कि वार्निंग वाले निशान पैकेट के सामने वाले हिस्से पर बड़े और साफ दिखने चाहिए, ताकि ग्राहक उन्हें आसानी से पढ़ सकें। हर निशान को पैकेट के मेन डिस्प्ले एरिया का करीब 4 से 5 फीसदी हिस्सा मिलना चाहिए। इसके अलावा FSSAI को वार्निंग टेक्स्ट और आइकॉन्स के साइज को लेकर भी नियम तय करने होंगे। वार्निंग के लिए सिर्फ एडेड शुगर और फैट को आधार नहीं बनाया जाना चाहिए। इसकी जगह टोटल शुगर और सैचुरेटेड फैट की क्वांटिटी को भी ध्यान में रखना होगा। 

FSSAI को कोर्ट ने क्या कहा?

सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI से कहा है कि वो इन पोषक तत्वों के लिए तय सीमा की दोबारा समीक्षा करे और वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर नए मानक तैयार करे। साथ ही सीमा इतनी कम नहीं होनी चाहिए कि हर पैकेट पर चेतावनी लगानी पड़े। सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को फ्रंट ऑफ पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग (FOPNL) से जुड़े नियमों को अंतिम रूप देने के लिए करीब 4 महीने का समय दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को बच्चों के बीच पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए भी कदम उठाने को कहा है।