Tata Trusts On N Chandrasekaran : टाटा समूह की खींचतान अब अदालत की दहलीज तक पहुंचने वाली है। नोएल टाटा के समर्थन वाले टाटा ट्रस्ट्स अब टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को एक और कार्यकाल देने के फैसले के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने की तैयारी में हैं। कई महीनों से चली आ रही इस तनातनी के बाद सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और रतन टाटा ट्रस्ट ने बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंचने का निर्णय लिया है। यह विवाद दो महीने पहले हुई बोर्ड बैठक से संबंधित है। उसमें फरवरी 2027 से शुरू होने वाले पांच साल के नए कार्यकाल के लिए चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को हरी झंडी दी गई थी। ट्रस्ट्स का कहना है कि इस प्रस्ताव को टाटा संस के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के तहत तय जरूरी वोट नहीं मिले, इसलिए इसे मान्य नहीं ठहराया जा सकता।

टाटा ट्रस्ट्स अदालत क्यों जा रहे हैं?

पूरे मामले की जड़ में एक तकनीकी, लेकिन बेहद अहम नियम है। सवाल है कि क्या चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति कंपनी के नियमों के मुताबिक हुई थी? ट्रस्ट्स का मानना है कि इसका जवाब नहीं है। उनका कहना है कि चेयरमैन की नियुक्ति या दोबारा नियुक्ति जैसे बड़े फैसलों में बैठक में मौजूद ट्रस्ट द्वारा नॉमिनेटेड डायरेक्टरों का समर्थन जरूरी है। ट्रस्ट्स के मुताबिक बोर्ड बैठक में वह शर्त पूरी नहीं हुई थी, जिस चलते ट्रस्ट्स बॉम्बे हाईकोर्ट में अर्जी देकर इस प्रस्ताव को अमान्य घोषित कराने और कंपनी को इसे लागू करने से रोकने की मांग करने जा रहे।

बोर्ड बैठक में क्या हुआ था?

यह असहमति उस बोर्ड बैठक से शुरू हुई थी, जिसमें चंद्रशेखरन के अगले कार्यकाल पर चर्चा चल रही थी। बैठक में ट्रस्ट्स की ओर से नामित दो निदेशकों के बीच अलग-अलग राय सामने आई। नोएल टाटा ने पुनर्नियुक्ति के खिलाफ वोट डाला, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने इसके समर्थन में वोट दिया। ट्रस्ट के दोनों प्रतिनिधियों के बीच राय बंट जाने के बाद बैठक की अध्यक्षता कर रहे हरीश मनवानी ने अपने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल किया। इस कास्टिंग वोट के सहारे चंद्रशेखरन के अगले कार्यकाल को मंजूरी मिल गई। अब ट्रस्ट्स का कहना है कि कंपनी नियमों के तहत जरूरी पॉजिटिव वोटों के बजाए कास्टिंग वोट को नहीं माना जा सकता।

टाटा के ढांचे में यह विवाद क्यों खास है?

यह टकराव अलग माना जा रहा है, क्योंकि टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स आपस में बहुत गहराई से जुड़े हैं। टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस में सबसे बड़ी हिस्सेदारी टाटा ट्रस्ट्स के पास है। बड़ी हिस्सेदारी होने के नाते ट्रस्ट्स लंबे समय से समूह के बड़े फैसलों में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। कॉर्पोरेट गवर्नेंस विशेषज्ञ कृष्ण अय्यर ने कहा कि यह मामला सिर्फ किसी एक अधिकारी के भविष्य पर मतभेद तक सीमित नहीं है। उनके अनुसार असल सवाल यह है कि बोर्ड के बड़े फैसलों में ट्रस्ट द्वारा नियुक्त निदेशकों का कितना दखल रहेगा और गतिरोध की स्थिति में क्या उनके असर को किनारे किया जा सकता है। अदालत जाने का यह फैसला ट्रस्ट्स के अंदर हुई वोटिंग के बाद लिया गया है। इस अंदरूनी मतदान में नोएल टाटा, नेविल टाटा और भास्कर भट ने कोर्ट जाने के पक्ष में वोट दिया, जबकि वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह ने इसका विरोध किया।

आने वाले कुछ दिन इतने अहम क्यों हैं?

अदालत का रुख करने की यह टाइमिंग भी काफी अहम मानी जा रही है। टाटा संस की अगली बोर्ड बैठक 30 नवंबर को होने वाली है। ट्रस्ट्स को यह डर है कि आगे आने वाले प्रस्तावों पर भी निदेशकों के बीच मतभेद हुए तो इसी तरह की स्थिति फिर बन सकती है। इस कारण वे 30 नवंबर की बैठक से पहले कोर्ट से तुरंत दखल देने की मांग कर रहे हैं। टाटा ट्रस्ट्स ने कुल 65 करोड़ के मुआवजे का भी दावा किया है। इसमें सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने 50 करोड़ और आरडी टाटा ट्रस्ट ने 15 करोड़ का हर्जाना मांगा है।