Gold Silver Today Rate : घरेलू सर्राफा बाजार में कीमती धातुओं के दाम तेजी से नीचे आए हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक चांदी की कीमत 9103 रुपए घटकर 1.43 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई है। बीते 13 महीनों में चांदी का यह सबसे निचला भाव दर्ज किया गया है। 24 कैरेट सोने का 10 ग्राम भाव भी 3653 रुपए फिसलकर 1.21 लाख रुपए पर आ गया है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार सोना अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर 1.76 लाख रुपए के मुकाबले 32% सस्ता हुआ है। वहीं, चांदी अपने 3.80 लाख रुपए के ऑलटाइम हाई से 63% लुढ़क चुकी है।

चांदी की कीमतों में गिरावट के कारण

इंडस्ट्रियल डिमांड में कमी: चांदी का उपयोग बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और औद्योगिक इकाइयों में किया जाता है। इन क्षेत्रों में धीमी रफ्तार के चलते मांग घटने से चांदी की कीमतों पर दबाव बना है।

ग्लोबल मार्केट में सप्लाई बढ़ना: खनन से उत्पादन बढ़ने या अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की उपलब्धता अधिक होने की स्थिति में इसके दाम नीचे आते हैं।

सोने की कीमतों का असर: वैश्विक स्तर पर चांदी अक्सर सोने की दिशा का अनुसरण करती है। जब सोने के दाम गिरते हैं तो चांदी में भी बिकवाली का रुझान देखा जाता है।

सोना सस्ता होने के 3 मुख्य कारण

अमेरिकी डॉलर की मजबूती: डॉलर के मजबूत होने से अन्य देशों के खरीदारों के लिए सोना महंगा पड़ने लगता है। इससे मांग में कमी आती है और दाम घटते हैं।

ब्याज दरों में बढ़ोतरी: अमेरिका में ब्याज दरों का स्तर ऊंचा रहने पर निवेशक सोने के बजाय बॉन्ड और बैंक डिपॉजिट जैसे विकल्पों को प्राथमिकता देते हैं, जिससे सोने की चमक फीकी पड़ती है।

मुनाफावसूली: जब सोने के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाते हैं तो बड़े निवेशक अपना मुनाफा सुरक्षित करने के लिए बिकवाली शुरू कर देते हैं।

अलग-अलग शहरों में दाम अलग होने की 4 वजहें

ट्रांसपोर्टेशन और सिक्योरिटी: एक शहर से दूसरे शहर तक सोना पहुंचाने में ईंधन और सुरक्षा से जुड़े खर्च जुड़ते हैं। दूरी बढ़ने के साथ यह लागत भी बढ़ती है, जिससे अंतिम कीमत में अंतर आता है।

खरीदारी की मात्रा: दक्षिण भारत में सोने की खपत सबसे अधिक (लगभग 40%) है। वहां ज्वेलर्स बड़ी मात्रा में खरीदारी करते हैं, लेकिन थोक छूट का लाभ सीमित रहता है।

लोकल ज्वेलरी एसोसिएशन: अलग-अलग राज्यों और शहरों के ज्वेलरी एसोसिएशन स्थानीय मांग और आपूर्ति की परिस्थितियों के आधार पर अपने रेट तय करते हैं।

पुराना स्टॉक और खरीद मूल्य: हर ज्वेलर के पास मौजूद पुराने स्टॉक और उनकी अपनी खरीद कीमत यह तय करती है कि वे ग्राहकों को किस दर पर सोना बेचेंगे।

सोने की खरीदारी किश्तों में करें

कमोडिटी विशेषज्ञ अजय केडिया का मानना है कि मौजूदा हालात में सोना और चांदी एक साथ नहीं खरीदकर किश्तों में खरीदना बेहतर रहता है। निवेशकों को कुछ हिस्सा अभी खरीद लेना चाहिए और बाकी हिस्सा हर 15 से 20 दिन के अंतराल पर जोड़ना चाहिए। आप निवेश के लिहाज से खरीदारी कर रहे तो 1 से 2 महीने के छोटे नजरिए के बजाय 6 महीने से 1 साल की अवधि को ध्यान में रखकर योजना बनाएं।

खरीदारी समय इन बातों का रखना है ध्यान

सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) के हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना ही लें। यह हॉलमार्क कोड अल्फान्यूमेरिक हो सकता है, जैसे-AZ4524। इससे सोने की शुद्धता और कैरेट की पुष्टि होती है। 

कीमत क्रॉस चेक करें : खरीदारी के समय सोने का सही वजन तौलवाएं और उस दिन का भाव कई विश्वसनीय स्रोतों, जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट से जरूर जांच लें। ध्यान रखें कि 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के दाम अलग-अलग होते हैं।