भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। खिताबी जंग में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। ऐसे में भारतीय टीम पहले गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तानी बल्लेबाजों को जल्द आउट करने की कोशिश करेगी। फाइनल मुकाबले के लिए दोनों टीमों ने अपनी प्लेइंग-11 में अलग-अलग फैसले किए हैं। पाकिस्तान ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है, जबकि भारत ने एक परिवर्तन किया है। तेज गेंदबाज ईशान सूद चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह चिगुरुपति वेंकटा को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है।
भारत के पास खिताब जीतने का सुनहरा मौका
भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 9 विकेट से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। ग्रुप स्टेज में भी दोनों टीमें आमने-सामने आई थीं, जहां पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हराया था। अब भारतीय टीम के पास उस हार का बदला लेने और ट्रॉफी अपने नाम करने का मौका है। अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में भारत का दबदबा रहा है। भारतीय टीम अब तक 8 बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीत चुकी है। पाकिस्तान और बांग्लादेश ने दो-दो बार ट्रॉफी अपने नाम की है, जबकि अफगानिस्तान भी एक बार चैंपियन बना है।
भारत-पाकिस्तान के बीच चौथी बार फाइनल की टक्कर
भारत और पाकिस्तान की अंडर-19 टीमें एशिया कप के फाइनल में चौथी बार आमने-सामने हैं। इससे पहले तीन बार दोनों के बीच खिताबी मुकाबला हुआ है।
- 2012: फाइनल मुकाबला टाई रहा था और दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था।
- 2013-14: भारत ने पाकिस्तान को 40 रन से हराकर खिताब जीता था।
- 2025: पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।
इस बार भारतीय टीम के पास पाकिस्तान से पिछली खिताबी हार का हिसाब बराबर करने का मौका है।
यूथ वनडे में भारत का पलड़ा भारी
दोनों टीमों के बीच अब तक 31 यूथ वनडे मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 17 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को 13 मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच टाई रहा है। हाल के पांच मुकाबलों में पाकिस्तान ने तीन और भारत ने दो मैच अपने नाम किए हैं।
फाइनल में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
पाकिस्तान के उस्मान खान शानदार फॉर्म में
पाकिस्तान के बल्लेबाज उस्मान खान इस टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने 4 मैचों में 238 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 119 और स्ट्राइक रेट 103.03 का है। UAE के खिलाफ उन्होंने 120 गेंदों पर नाबाद 139 रन की शानदार पारी खेली थी। हमजा जहूर भी अच्छी लय में हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ ग्रुप मुकाबले में शतक लगाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। गेंदबाजी में रिजवानुल्लाह पाकिस्तान के प्रमुख हथियार हैं। उन्होंने 4 मैचों में 30 ओवर गेंदबाजी करते हुए 132 रन देकर 11 विकेट हासिल किए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने 30 रन देकर 5 विकेट झटके थे। भारत के खिलाफ ग्रुप मैच में भी उन्होंने 7 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट लिए थे।
भारत के लिए आर्यवीर सहवाग सबसे बड़े बल्लेबाजी हथियार
भारतीय बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 4 मैचों में 303 रन बनाए हैं। उनका औसत 101 और स्ट्राइक रेट 95.58 है। इस दौरान वह एक शतक और दो अर्धशतक लगा चुके हैं। उनके अलावा लक्ष्य रायचंदानी ने 163 और वीके विनीत ने 132 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में ईशान सूद भारत के लिए सबसे सफल खिलाड़ियों में रहे हैं। उन्होंने 4 मैचों में 35 ओवर गेंदबाजी कर 134 रन खर्च किए और 11 विकेट हासिल किए। चोट के कारण वह फाइनल में नहीं खेल रहे हैं। उनकी गैरमौजूदगी में भारतीय गेंदबाजी की जिम्मेदारी दूसरे गेंदबाजों पर होगी।
कैसी है अल अमीरात की पिच?
अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड के आंकड़ों के अनुसार, यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने करीब 36 प्रतिशत मुकाबले जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को 64 प्रतिशत मैचों में सफलता मिली है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 206 और दूसरी पारी का औसत 176 रन बताया गया है। पिच रिपोर्ट के मुताबिक, सतह धीमी रह सकती है और बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं होगा। पिछले 10 मैचों में तेज गेंदबाजों ने 77 विकेट लिए हैं, जबकि स्पिनर्स के खाते में 44 विकेट आए हैं। ऐसे में तेज गेंदबाजों की भूमिका अहम हो सकती है। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी चुनी है, इसलिए भारतीय गेंदबाजों के सामने उसे कम स्कोर पर रोकने की चुनौती होगी।
8 टीमों के बीच खेला गया टूर्नामेंट
अंडर-19 एशिया कप में कुल 8 टीमों ने हिस्सा लिया। इन्हें दो ग्रुप में बांटा गया था। लीग स्टेज में हर टीम ने अपने ग्रुप की बाकी तीन टीमों के खिलाफ मुकाबले खेले। दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं, जिसके बाद जीतने वाली टीमों ने फाइनल में जगह बनाई। अब भारत और पाकिस्तान के बीच खिताब के लिए आखिरी मुकाबला खेला जा रहा है।
भारत की प्लेइंग-11: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, अर्जुन राजपूत, यशबर्धन चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनाल चौहान, मोहित उल्वा, आर्यन सवसानी, काव्या पटेल और चिगुरुपति वेंकटा।
पाकिस्तान की प्लेइंग-11: उस्मान खान, हयाम खान, अब्दुल कादिर, फरहान यूसुफ (कप्तान), अहमद हुसैन, अली रजा, हमजा जहूर (विकेटकीपर), हसनैन अब्बास डार, मोहम्मद सय्याम, रिजवानुल्लाह और निकाब शफीक।