अंडर-19 एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 8 विकेट से हरा दिया। गुरुवार को ओमान के अल अमेरात में खेले गए मुकाबले में भारत ने 228 रन का लक्ष्य महज 36.5 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। भारत की जीत में कप्तान लक्ष्य राजचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने अहम भूमिका निभाई। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 117 रनों की शानदार साझेदारी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
लक्ष्य राजचंदानी ने खेली 93 रन की कप्तानी पारी
228 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य राजचंदानी ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए तेजी से रन जोड़े। आर्यवीर ने 57 गेंदों पर 51 रन बनाए, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल रहे। उन्हें नूर अली नियाजी ने आउट किया। इसके बाद लक्ष्य राजचंदानी ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 90 गेंदों पर 93 रन की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 13 चौके और एक छक्का निकला। लक्ष्य शतक से चूक गए, लेकिन उनकी पारी ने भारत की जीत लगभग तय कर दी। लक्ष्य के आउट होने के बाद वीके विनीत ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 62 गेंदों पर नाबाद 57 रन बनाए। यशवर्धन चौहान 16 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने 36.5 ओवर में 230/2 का स्कोर बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अफगानिस्तान ने बनाए थे 227 रन
इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 227 रन बनाए थे। टीम की ओर से नुमान सलारजई और शाह फैसल रहीमी ने 51-51 रन की पारियां खेलीं। कप्तान सोहेल खान 36 रन बनाकर नाबाद रहे। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर अफगानिस्तान को बड़ा स्कोर बनाने से रोके रखा। भारत की ओर से ईशान सूद सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने तीन विकेट हासिल किए।
फाइनल में पाकिस्तान से होगा मुकाबला
अफगानिस्तान को हराकर भारत ने अंडर-19 एशिया कप के खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली है। फाइनल में भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान से होगा। पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराकर फाइनल का टिकट कटाया था। अब क्रिकेट प्रशंसकों को भारत और पाकिस्तान के बीच एक रोमांचक खिताबी मुकाबले का इंतजार है। ग्रुप चरण में पाकिस्तान के हाथों मिली हार के बाद भारतीय टीम के पास फाइनल में जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम करने का मौका होगा।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत: लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीथ, यशवर्धन चौहान, अर्जुन राजपूत, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मानल चौहान, आर्यन सावसानी, काव्य पटेल, मोहित उल्वा और ईशान सूद।
अफगानिस्तान: आबिदुल्लाह नादरजान, फरीदुल्लाह एहसास, सुभान जखैल, नोमान सालारजई (विकेटकीपर), शाह फैसल रहीमी, आमिर हमजा, ताहिर सरवरी, सोहेल खान (कप्तान), मोहम्मद अली, नूर अली नियाजी और बिलाल सलीमंखिल।