एसीसी मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत के सामने पाकिस्तान ने 338 रन का लक्ष्य रखा है। शनिवार, 14 नवंबर को अल अमेरात के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ-2) में खेले जा रहे खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पाकिस्तानी टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाए। भारत को अब खिताब जीतने के लिए 338 रन बनाने होंगे। पाकिस्तान की ओर से सलामी बल्लेबाज उस्मान खान ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने 111 गेंदों पर 107 रन की पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा अब्दुल कादिर ने 54 गेंदों पर 80 रन और कप्तान फरहान युसूफ ने 63 रन बनाए। इन तीनों बल्लेबाजों की पारियों की बदौलत पाकिस्तान बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।

उस्मान और हयाम ने दी पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम को उस्मान खान और हयाम खान ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। इस साझेदारी को काव्य पटेल ने तोड़ा। उन्होंने हयाम खान को 21 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। इसके बाद उस्मान खान ने अब्दुल कादिर के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 135 रनों की अहम साझेदारी हुई। कादिर ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों पर 80 रन बनाए। उनकी पारी में 8 छक्के और 3 चौके शामिल थे। अर्जुन राजपूत ने कादिर को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया।

उस्मान खान ने जड़ा शानदार शतक

पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज उस्मान खान ने भारतीय गेंदबाजों के सामने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 111 गेंदों का सामना करते हुए 107 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 11 चौके और 3 छक्के निकले। काव्य पटेल ने उनका विकेट लेकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। कप्तान फरहान युसूफ ने भी 63 रन की उपयोगी पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी ने पाकिस्तान को 300 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

काव्य पटेल और वेंकट ने की भारत की वापसी

एक समय पाकिस्तान का स्कोर 400 रन के करीब जाता दिख रहा था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में शानदार वापसी की। काव्य पटेल ने सबसे ज्यादा 4 विकेट हासिल किए, जबकि चिगुरुपति वेंकट को 3 सफलताएं मिलीं। अर्जुन राजपूत ने भी एक विकेट अपने नाम किया। भारतीय गेंदबाजों की आखिरी ओवरों में की गई वापसी के कारण पाकिस्तान की टीम 50 ओवर में 337 रन ही बना सकी। अब भारतीय बल्लेबाजों के सामने 338 रन का लक्ष्य हासिल करने की चुनौती है।

भारत के पास पिछली हार का बदला लेने का मौका

भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 9 विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। ग्रुप स्टेज में भी दोनों टीमें भिड़ चुकी हैं, जहां पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से मात दी थी। अब भारतीय टीम के पास फाइनल में जीत दर्ज कर उस हार का बदला लेने का मौका है। अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में भारत का दबदबा रहा है। भारतीय टीम अब तक 8 बार खिताब जीत चुकी है। पाकिस्तान और बांग्लादेश ने दो-दो बार ट्रॉफी अपने नाम की है, जबकि अफगानिस्तान भी एक बार चैंपियन बना है। ऐसे में भारतीय टीम की नजरें नौवीं बार खिताब जीतने पर होंगी।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11: 

भारत: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, अर्जुन राजपूत, यशबर्धन चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनाल चौहान, मोहित उल्वा, आर्यन सवसानी, काव्या पटेल और चिगुरुपति वेंकटा।

पाकिस्तान: उस्मान खान, हयाम खान, अब्दुल कादिर, फरहान यूसुफ (कप्तान), अहमद हुसैन, अली रजा, हमजा जहूर (विकेटकीपर), हसनैन अब्बास डार, मोहम्मद सय्याम, रिजवानुल्लाह और निकाब शफीक।