Giriraj Singh On UCC: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने समान नागरिक संहिता (UCC), महिला आरक्षण बिल और संविधान के मुद्दे पर कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता का दायरा किसी एक प्रदेश या राजनीतिक दल तक सिमटा नहीं रहना चाहिए। उनके मुताबिक, भाजपा शासित राज्यों के साथ उन राज्यों में भी इसे लागू किया जाना जरूरी है, जहां विपक्षी दलों की सरकारें हैं। गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि आजादी के तुरंत बाद ही देश में एक देश-एक कानून की व्यवस्था लागू हो जानी चाहिए थी, लेकिन कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति के चलते ऐसा नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बाकी विपक्षी पार्टियों को भी इसे लागू करने के लिए आगे आना चाहिए।

कांग्रेस पर तुष्टिकरण का आरोप, पूरे देश में UCC की मांग

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर अपनी बात रखते हुए, जिसमें उन्होंने भाजपा शासित राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू करने की बात कही थी, गिरिराज सिंह ने इसे पुरानी मांग बताया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह कोई नया मुद्दा नहीं है और उनकी मांग है कि देश के हर राज्य में UCC लागू हो, फिर चाहे वहां भाजपा की सरकार हो या विपक्ष की। उन्होंने स्पष्ट किया कि समान नागरिक संहिता केवल भाजपा शासित राज्यों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि विपक्षी सरकारों को भी अपने यहां इसे अमल में लाना चाहिए।

'मुंगेरीलाल के हसीन सपने'

उत्तर प्रदेश में सरकार बनने की स्थिति में टोपी पहनने वाले व्यक्ति को उप मुख्यमंत्री बनाने वाले असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर भी गिरिराज सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने ओवैसी की इस बात को मुंगेरीलाल के हसीन सपने बताया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को लेकर अखिलेश यादव और ओवैसी दोनों केवल सपने देख रहे, जबकि राज्य में सरकार भाजपा की ही बनेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा उत्तर प्रदेश में फिर सत्ता में वापसी करेगी।

संविधान के दुरुपयोग और नकली कॉपी का आरोप

हाथों में संविधान की प्रति लेकर चलने वाले नेताओं को संविधान पढ़ने की नसीहत देने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान का गिरिराज सिंह ने समर्थन किया। उन्होंने विपक्षी दलों पर संविधान की नकली कॉपी लेकर चलने और उसका गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। गिरिराज सिंह ने कहा, कांग्रेस ने सत्ता हासिल करने के लिए संविधान में मौजूद राष्ट्रपति शासन के प्रावधान का दुरुपयोग किया। उन्होंने आपातकाल का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में बने रहने और कुर्सी हथियाने के लिए संविधान का इस्तेमाल किया।

महिला आरक्षण बिल पर राहुल गांधी को जवाब

महिला आरक्षण बिल के संदर्भ में राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि देश में जब भी यह विधेयक लाया जाएगा, कोई भी ताकत इसे रोक नहीं पाएगी। न तो कोई इस बिल का विरोध कर सकेगा और न इसके रास्ते में रुकावट डाल पाएगा। केंद्रीय मंत्री के अनुसार महिलाओं को आरक्षण देने का विषय बेहद अहम है और जब भी यह बिल पेश किया जाएगा, इसे लागू होने से कोई नहीं रोक सकता।