Anant Singh Daughter Shivangi Wedding Today: बिहार के पटना जिला अंतर्गत मोकामा विधानसभा क्षेत्र से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी और ऋषिकेश कुमार के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए उनके पैतृक गांव नदवां में आज लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। इस शाही शादी और इसमें आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता को देखने के लिए ग्रामीणों के साथ-साथ पटना, बेगूसराय से लोग पहुंचे। नदवां गांव और आसपास के इलाकों में अचानक उमड़ी इस भारी भीड़ के कारण सड़कों पर 10 किलोमीटर से भी अधिक लंबा जाम लग गया। हालात इतने बिगड़ गए कि भीड़ के दबाव में सड़क पर चल रहे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग फंसते नजर आए। मौके पर पुलिस और प्रशासन की व्यवस्था काफी कम दिखी, जिस चलते कई लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए मुख्य सड़क छोड़कर खेतों और पानी के रास्ते बाहर निकलने का सहारा लिया।

गुरुवार तक टला घुड़दौड़ का फाइनल
घुड़दौड़ प्रतिस्पर्धा को लेकर लोगों में गजब का क्रेज दिखा। घुड़दौड़ में प्रथम आने वाले को महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को बाइक और तीसरे विजेता को स्कूटी दी जाएगी। खुद विधायक अनंत सिंह भी मंच से इस रेस का आनंद लेते दिखे। मगर, मैदान में एक लाख से ज्यादा लोगों के जमा होने और सैकड़ों दर्शकों के बिजली के ऊंचे टावर पर चढ़ जाने से बड़ा सुरक्षा खतरा पैदा हो गया। हादसे की आशंका को देखते हुए आयोजकों ने चार राउंड के बाद ही रेस को बीच में रोक दिया और मैदान खाली कराया। अब इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कल होगा।

3 हेलीपैड, 25 बीघे में पंडाल और दिग्गजों का जमावड़ा
शिवांगी और ऋषिकेश की शादी के लिए पटना से बारात नदवां के लिए निकल चुकी है, जिसमें बिहार की राजनीति के कई बड़े चेहरे शामिल हो रहे हैं। हवाई मार्ग से आने वाले वीवीआईपी (VVIP) मेहमानों के लिए गांव में तीन विशेष हेलीपैड तैयार किए गए हैं, जहां हेलीकॉप्टर की लैंडिंग देखने के लिए भी अलग से हजारों लोग जुटे हुए हैं। मेहमानों के स्वागत के लिए 25 बीघे जमीन पर विशाल पंडाल बनाया गया है। उसमें खास और आम लोगों के बैठने के लिए अलग-अलग जोन बनाए गए हैं।
4 लाख मेहमानों की दावत, 300 चूल्हों पर खाना बना रहे 500 कारीगर
विधायक अनंत सिंह के अनुसार इस समारोह में चार लाख से ज्यादा लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। इतने बड़े स्तर पर व्यंजन और मिठाइयां तैयार करने के लिए 300 से अधिक भट्ठियां और चूल्हे जलाए गए हैं। उन पर 500 हलवाई और कारीगर लगातार काम कर रहे। लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने में आयोजकों और स्थानीय प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही।