अंडर-19 एशिया कप 2026 के ग्रुप-ए मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को तीन विकेट से हरा दिया। ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस रोमांचक मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रन बनाए थे। इसके जवाब में पाकिस्तान ने हमजा जहूर की नाबाद शतकीय पारी के दम पर 48.1 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत के लिए अर्जुन राजपूत ने 107 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उनकी मेहनत टीम को जीत नहीं दिला सकी।
अर्जुन राजपूत ने 85 गेंदों में जड़ा शतक
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद वीके विनीत ने आठ और यशवर्धन चौहान ने एक रन बनाया। महज 22 रन पर भारत के तीन विकेट गिर चुके थे। आर्यवीर सहवाग ने अर्जुन राजपूत के साथ पारी संभालने की कोशिश की। वह 40 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अन्वय द्रविड़ ने 10 रन का योगदान दिया। लगातार विकेट गिरने के बीच अर्जुन ने एक छोर संभाले रखा और मनल चौहान के साथ अहम साझेदारी की। अर्जुन ने 85 गेंदों में 11 चौके और पांच छक्कों की मदद से 107 रन बनाए। उन्होंने 80 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उनके आउट होने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई। काव्य पटेल ने 23 रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया। भारत की पूरी टीम 46.3 ओवर में 208 रन पर सिमट गई।
पाकिस्तान के तीन गेंदबाजों ने झटके तीन-तीन विकेट
पाकिस्तान की ओर से अली रजा, निकाब शफीक और रिजवानुल्लाह ने शानदार गेंदबाजी की। तीनों ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। मोहम्मद सैयाम को एक सफलता मिली। इन गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए।
61 रन पर आधी टीम गंवाकर मुश्किल में था पाकिस्तान
209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में दबाव बनाया और पाकिस्तान के पांच बल्लेबाज 61 रन तक पवेलियन लौट गए। एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत इस मुकाबले को आसानी से अपने नाम कर लेगा। लेकिन इसके बाद हमजा जहूर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने हसनैन अब्बास दार के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 107 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इस साझेदारी ने मैच का रुख बदल दिया। दार ने 67 गेंदों में 38 रन बनाए, जबकि हमजा ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की उम्मीदें कायम रखीं।
हमजा जहूर ने 108 गेंदों में ठोका नाबाद शतक
हमजा जहूर ने दबाव के बीच शानदार बल्लेबाजी की और 108 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। उनकी पारी ने पाकिस्तान को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। उन्होंने आखिरी तक क्रीज पर टिके रहकर टीम को 48.1 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल करा दिया। भारत की ओर से मनल चौहान सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 32 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि मोहित उल्वा को दो सफलताएं मिलीं। हालांकि, हमजा की शतकीय पारी के सामने भारतीय गेंदबाज पाकिस्तान को जीत से नहीं रोक सके।
पिछले संस्करण की हार का बदला नहीं ले सका भारत
इस हार के साथ भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ पिछले संस्करण में मिली शिकस्त का बदला लेने में नाकाम रही। दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में अपने पहले मुकाबले जीते थे। भारत ने नेपाल को 10 विकेट से हराया था, जबकि पाकिस्तान ने यूएई को नौ विकेट से मात दी थी। पाकिस्तान की इस जीत ने ग्रुप-ए की अंक तालिका में उसकी स्थिति मजबूत कर दी है।