उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। शुक्रवार देर रात जारी आदेश के तहत पांच जिलों के जिलाधिकारियों को बदल दिया गया है। कई नगर आयुक्तों, मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) और विकास प्राधिकरणों के वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA), नोएडा, ग्रेटर नोएडा, मेरठ और वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी नई नियुक्तियां की गई हैं। अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि एलडीए के मौजूदा उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
इन पांच जिलों में बदले गए जिलाधिकारी
योगी सरकार के इस फेरबदल में पांच जिलों के डीएम बदले गए हैं। इनमें सीतापुर, बिजनौर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और मुजफ्फरनगर शामिल हैं।
- सीतापुर: प्रथमेश कुमार को नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इससे पहले वह लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष थे।
- बिजनौर: जोगिंदर सिंह को जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह इससे पहले नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव थे।
- सिद्धार्थनगर: गौरव सिंह सोगरवाल को नया डीएम बनाया गया है। वह इससे पहले महाराजगंज के जिलाधिकारी थे।
- महाराजगंज: शिवशरणप्पा जीएन को जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले सिद्धार्थनगर में तैनात थे।
- मुजफ्फरनगर: सुनील कुमार सिंह को नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वह इससे पहले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी थे।
अनुज सिंह बने LDA के नए उपाध्यक्ष
तबादला सूची में सबसे अहम नाम अनुज सिंह का है। उन्हें लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह मुख्यमंत्री के विशेष सचिव और उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में अपर निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वहीं, एलडीए के मौजूदा उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। राजागणपति आर को राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) का निदेशक नियुक्त किया गया है।
वाराणसी, गाजियाबाद और मेरठ में भी बदलाव
- सरकार ने नगर निगमों और विकास प्राधिकरणों में भी कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली हैं।
- शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। वह पहले गोरखपुर में मुख्य विकास अधिकारी थे।
- हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले वाराणसी में इसी पद पर तैनात थे।
- विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। वह पहले गाजियाबाद के नगर आयुक्त थे।
- अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।
- नूपुर गोयल को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।
- प्रीति जायसवाल को नोएडा प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
अयोध्या, फतेहपुर और अन्य जिलों में भी नई जिम्मेदारियां
प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई जिलों में मुख्य विकास अधिकारियों की तैनाती भी बदली गई है। राजेश कुमार को अयोध्या का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। संदीप कुमार को मेरठ, पूनम निगम को फतेहपुर, शिशिर कुमार सिंह को श्रावस्ती, शैलेंद्र कुमार सिंह को अलीगढ़ और योगेंद्र कुमार को फिरोजाबाद का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। पवन कुमार मीना को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। डॉ. नितिन मदान को उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। उमेश प्रताप सिंह को लोक निर्माण विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है, जबकि उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। श्रीलक्ष्मी वीएस को महिला कल्याण विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।
कई मंडलों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली
सरकार ने मंडल स्तर पर भी अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया है। मनोज कुमार-1 को वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। अतुल कुमार को बरेली मंडल का अपर आयुक्त और प्रतिभा सिंह को कानपुर मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही मंजूलता को मुरादाबाद नगर निगम में अपर नगर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। वंदना त्रिपाठी को सहारनपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को जिलों और प्रमुख शहरी विकास संस्थाओं में प्रशासनिक जिम्मेदारियों के पुनर्गठन के तौर पर देखा जा रहा है। तबादलों के पीछे सरकार की ओर से अलग-अलग अधिकारियों को लेकर कोई विस्तृत कारण नहीं बताया गया है।