UP BJP Leaders Meeting : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। सभी दल अपनी-अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार 17 नवंबर को मथुरा में भाजपा की एक बेहद अहम बैठक होने जा रही, जिसमें चुनावों की रूपरेखा तय की जाएगी।

मथुरा में जुटेंगे भाजपा और संघ के शीर्ष नेता

सूत्रों के मुताबिक मथुरा की बैठक में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई बड़े चेहरे शामिल होंगे। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) एवं यूपी प्रभारी विनोद तावड़े और यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी के शामिल होने की संभावना है। राज्य सरकार के कई मंत्री, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख पदाधिकारी भी इस मंथन का हिस्सा बनेंगे। इस दौरान यूपी भाजपा की कोर कमेटी की एक विशेष बैठक भी आयोजित की जाएगी।

सहयोगी दल RLD और जमीनी नेताओं से होगा संवाद

सूत्रों का कहना है कि यह बैठक केवल भाजपा नेताओं तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि एनडीए के प्रमुख सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के नेताओं को भी इसमें आमंत्रित किया गया है। भाजपा नेतृत्व रालोद नेताओं से जमीनी हालात पर फीडबैक लेगा। ब्रज क्षेत्र के मौजूदा और पूर्व सांसदों, विधायकों तथा संगठन के पदाधिकारियों से भी सीधा संवाद कर उनकी राय जानी जाएगी।

2024 के सबक और मिशन 2027 की रणनीति

सूत्रों के अनुसार साल 2024 के लोकसभा चुनाव में मिले सियासी सबक के बाद भाजपा संगठन की खामियों को दूर करने में जुटी है। पार्टी का मुख्य फोकस जमीनी कार्यकर्ताओं की नाराजगी को खत्म करने और हर क्षेत्र के जातीय एवं चुनावी समीकरणों को साधने पर है। इसके लिए पूरे उत्तर प्रदेश को अलग-अलग संगठनात्मक क्षेत्रों में बांटकर समीक्षा की जा रही। इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गोरखपुर में बैठक कर पूर्वांचल की तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं। यूपी प्रभारी विनोद तावड़े पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि 2027 के विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ पार्टी का चेहरा होंगे और एनडीए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा।

19 नवंबर से बूथ स्तर पर चलेगा 'मतदाता जोड़ो अभियान'

चुनावी रणनीति के साथ भाजपा मतदाता सूची को दुरुस्त करने पर भी पूरा जोर दे रही। शुक्रवार को भाजपा के मतदाता जोड़ो अभियान के तहत आयोजित कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 19 नवंबर से पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर मतदाता पंजीकरण अभियान की शुरुआत करें। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हर पात्र वयस्क नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना उसका संवैधानिक अधिकार है, जबकि किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची से बाहर करना लोकतंत्र को मजबूत करने की जिम्मेदारी है। मतदाता सूची का शुद्धीकरण केवल सामान्य चुनावी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने का संवैधानिक दायित्व है। मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को इस काम को पूरी गंभीरता से लेने और 19 नवंबर से बूथ स्तर पर पूरी ताकत के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए।