उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग ने विशेष अभियान चलाने की तैयारी की है। प्रदेश की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में महिलाओं की संख्या आबादी के अनुमानित अनुपात से काफी कम सामने आई है। इसे देखते हुए अब गांवों से लेकर शहरी बस्तियों तक घर-घर जाकर पात्र महिलाओं की पहचान की जाएगी और उन्हें मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
यूपी की वोटर लिस्ट में 6.20 करोड़ महिलाएं
उत्तर प्रदेश की मौजूदा ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 13.58 करोड़ मतदाता दर्ज हैं। इनमें करीब 7.38 करोड़ पुरुष और 6.20 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। 4,042 तृतीय लिंग के मतदाताओं के नाम भी सूची में हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश की अनुमानित वयस्क आबादी में हर 1,000 पुरुषों पर 922 महिलाएं हैं, जबकि मतदाता सूची में यह अनुपात घटकर 840 रह गया है। यानी आबादी के अनुपात में हर 1,000 पुरुष मतदाताओं के मुकाबले 82 महिलाएं कम दर्ज हैं।
1.64 करोड़ महिलाओं का अंतर, घर-घर चलेगा अभियान
आबादी के अनुमान और ड्राफ्ट वोटर लिस्ट की तुलना में करीब 1.64 करोड़ महिलाओं का अंतर सामने आया है। पुरुषों के मामले में यह अंतर लगभग 94.17 लाख है। कुल मिलाकर प्रदेश की अनुमानित वयस्क आबादी और मतदाता सूची के बीच करीब 2.58 करोड़ का अंतर बताया गया है। इस अंतर को कम करने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के दौरान महिला मतदाताओं को जोड़ने पर खास जोर दिया जाएगा। चुनाव आयोग सरकारी विभागों के साथ सामाजिक संगठनों की मदद भी लेगा, ताकि पात्र महिलाओं तक पहुंच बनाई जा सके।
आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं की ली जाएगी मदद
महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम और महिला स्वयं सहायता समूहों को अभियान से जोड़ा जाएगा। ये कार्यकर्ता घर-घर जाकर ऐसी पात्र महिलाओं की पहचान करेंगी, जिनका नाम अभी वोटर लिस्ट में शामिल नहीं है। राशन कार्ड में दर्ज परिवारों की जानकारी का इस्तेमाल भी किया जाएगा। परिवार रजिस्टर का मतदाता सूची से मिलान कर गांवों में छूटे हुए नामों की पहचान की जाएगी। औद्योगिक संस्थानों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), श्रमिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों और चिकित्सक समूहों से भी सहयोग लिया जाएगा।
नई बहुओं और 18 साल की युवतियों पर भी नजर
अभियान के तहत उन महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जो शादी के बाद दूसरे घर या इलाके में आई हैं और जिनका नाम संबंधित मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। इसके साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी युवतियों को भी मतदाता बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 का इस्तेमाल किया जा सकता है। मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य जानकारी में सुधार के लिए फॉर्म-8 और किसी नाम पर आपत्ति या उसे हटाने के लिए फॉर्म-7 का प्रावधान है।
4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट
उत्तर प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची 17 नवंबर 2026 को जारी की गई थी। इसमें नाम जोड़ने, हटाने या विवरण में सुधार के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। इनका निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाना है। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। चुनाव आयोग का लक्ष्य है कि सूची को अधिक समावेशी और त्रुटिरहित बनाया जाए, ताकि पात्र नागरिकों को मतदान के अधिकार से वंचित न रहना पड़े।