भारत के तेज गेंदबाज यश ठाकुर के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवां वनडे यादगार तो रहा, लेकिन उनके नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। 15 नवंबर को बे ओवल में खेले गए सीरीज के निर्णायक मुकाबले में यश ने अपना वनडे डेब्यू किया। हालांकि, बल्लेबाजी में वह अपना खाता तक नहीं खोल सके। इसी के साथ वह वनडे डेब्यू पर शून्य पर आउट होने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए। इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर और महेंद्र सिंह धोनी जैसे दिग्गजों के नाम भी मौजूद हैं।

डेब्यू मैच में चार गेंद खेलकर आउट हुए यश

न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें वनडे में भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। टीम की पारी 42.1 ओवर में 209 रन पर सिमट गई। यश ठाकुर को निचले क्रम में बल्लेबाजी का मौका मिला, लेकिन वह चार गेंदों का सामना करने के बाद बिना कोई रन बनाए आउट हो गए। इसके साथ ही यश वनडे डेब्यू पर शून्य पर आउट होने वाले भारत के 18वें खिलाड़ी बन गए। इस सूची में शामिल होने वाले वह 2026 के पहले भारतीय खिलाड़ी हैं।

सचिन और धोनी भी हो चुके हैं डेब्यू पर शून्य पर आउट

वनडे क्रिकेट में डेब्यू पर खाता नहीं खोल पाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची 1974 से शुरू होती है। सबसे पहले पूर्व भारतीय कप्तान बिशन सिंह बेदी अपने पहले वनडे मैच में शून्य पर आउट हुए थे। इस सूची में कई बड़े क्रिकेटरों के नाम भी शामिल हैं। सचिन तेंदुलकर 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ अपने वनडे डेब्यू में खाता नहीं खोल सके थे। वहीं, एमएस धोनी भी 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ अपने पहले वनडे मैच में शून्य पर आउट हुए थे।

वनडे डेब्यू पर शून्य पर आउट होने वाले भारतीय खिलाड़ी:

  • 1974 – बिशन सिंह बेदी
  • 1979 – सुरिंदर खन्ना
  • 1980 – रोजर बिन्नी
  • 1980 – योगराज सिंह
  • 1981 – के. श्रीकांत
  • 1984 – अशोक पटेल
  • 1985 – लालचंद राजपूत
  • 1988 – संजीव शर्मा
  • 1989 – सचिन तेंदुलकर
  • 1998 – वीवीएस लक्ष्मण
  • 1999 – ज्ञानेंद्र पांडे
  • 2002 – जय प्रकाश यादव
  • 2003 – आविष्कार साल्वी
  • 2004 – एमएस धोनी
  • 2005 – सुरेश रैना
  • 2006 – वसीम जाफर
  • 2010 – शिखर धवन
  • 2026 – यश ठाकुर

गेंदबाजी में यश ने किया प्रभावित

बल्लेबाजी में निराशाजनक शुरुआत के बावजूद यश ठाकुर ने गेंद से योगदान दिया। उन्होंने अपने 10 ओवर के स्पेल में 38 रन देकर एक विकेट हासिल किया। उन्होंने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को आउट कर अपना पहला वनडे विकेट लिया। भारत ने इस मुकाबले में 209 रन बनाए थे। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 48.1 ओवर में 187 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने 22 रन से मैच जीतकर पांच मैचों की वनडे सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। इस जीत में अर्शदीप सिंह ने तीन और मोहम्मद सिराज ने दो विकेट लिए।