RBI Money Transfer New Rules : आपका बैंक में खाता नहीं है, तब भी अब आपको किसी को पैसे भेजने के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने डोमेस्टिक मनी ट्रांसफर (DMT) यानी घरेलू धन प्रेषण के नियमों में बड़े बदलाव करते हुए नई गाइडलाइंस जारी की हैं । इन नए नियमों का मुख्य उद्देश्य पैसों के लेन-देन को और अधिक आसान, पारदर्शी और सुरक्षित बनाना है। 

बिना बैंक खाते के भी NEFT से भेज सकेंगे 50000 रुपए

RBI के नए नियमों के मुताबिक अब बैंक शाखा में जाने वाला कोई भी व्यक्ति नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर (NEFT) के जरिए किसी अन्य व्यक्ति के बैंक खाते में सीधे अधिकतम 50000 रुपए भेज सकता है। सबसे खास बात है कि इसके लिए पैसे भेजने वाले का खुद का बैंक में अकाउंट होना बिल्कुल भी जरूरी नहीं है। यानी आपका खाता नहीं भी है, तब भी आप बैंक जाकर अपने किसी रिश्तेदार, दोस्त या किसी भी अन्य व्यक्ति के सीधे बैंक खाते में सुरक्षित तरीके से रकम ट्रांसफर कर सकते हैं ।

कैश पे-आउट के लिए तय की गई सख्त सीमा

इसके अलावा रिजर्व बैंक ने बिना बैंक खाते वाले लोगों के लिए कैश पे-आउट की सीमा भी तय कर दी है। इसके तहत बैंक अपने किसी खाताधारक के अकाउंट से ऐसे व्यक्ति को पैसे भेज सकते हैं। इसका बैंक में कोई खाता नहीं है। 

सिंगल ट्रांजैक्शन लिमिट: एक बार में अधिकतम 10000 रुपए नकद दिए जा सकेंगे ।

मासिक सीमा: किसी एक लाभार्थी को एक महीने में कुल 25000 रुपए तक ही नकद मिल सकते हैं ।

कहाँ से मिलेंगे पैसे: लाभार्थी यह नकद रकम एटीएम (ATM), बैंक के अधिकृत प्रतिनिधि यानी बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट (BC) या फिर अन्य अधिकृत पेमेंट चैनलों के जरिए आसानी से प्राप्त कर सकता है ।

KYC और दस्तावेजों की प्रक्रिया हुई अनिवार्य

सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नई गाइडलाइन के तहत रेमिटिंग बैंकों और बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट्स के लिए यह अनिवार्य कर दिया गया है कि वे कैश जमा करने की सुविधा का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों का पूरा रजिस्ट्रेशन करें। यह पूरी प्रक्रिया रिजर्व बैंक के नो योर कस्टमर (KYC) निर्देश 2025 के तहत की जाएगी। इसके लिए ग्राहक का एक वेरिफाइड मोबाइल नंबर और खुद से प्रमाणित आधिकारिक रूप से वैध दस्तावेज (OVD) होना बेहद जरूरी होगा।

सुरक्षा के लिए AFA और वेलोसिटी चेक लागू

मनी ट्रांसफर की प्रक्रिया को साइबर फ्रॉड और अवैध गतिविधियों से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अब हर लेन-देन के दौरान पहचान की अतिरिक्त जांच के लिए एडिशनल फैक्टर ऑफ ऑथेंटिकेशन (AFA) का इस्तेमाल करना होगा। बैंकों और गैर-बैंक पेमेंट ऑपरेटरों को वेलोसिटी चेक भी लागू करना होगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कम समय अंतराल में लगातार हो रहे संदिग्ध ट्रांजैक्शनों पर पैनी नजर रखी जा सके।

अलर्ट सिस्टम और संदिग्ध लेन-देन पर कड़ी नजर

नए नियमों के अनुसार जैसे ही किसी खाते में पैसे जमा होंगे, बैंक की तरफ से तुरंत ग्राहकों को अलर्ट भेजना अनिवार्य कर दिया गया है। किसी सिंगल खाते या खातों के किसी समूह में अचानक से असामान्य तरीके से बहुत बड़ी रकम जमा होती है तो बैंकों को अपने स्तर पर उसकी गहराई से जांच करनी होगी। कोई लेन-देन संदिग्ध पाया जाता है तो उसकी तुरंत सूचना संबंधित अधिकारियों को देनी होगी ताकि किसी भी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी को रोका जा सकेगा।