Earthquake In India : देश के अलग-अलग हिस्सों में फिर धरती डोलने से लोगों में दहशत फैल गई है। बीती आधी रात से सुबह तक महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। राहत की बात है कि इन झटकों से कहीं भी जान-माल या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, दो राज्यों में रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4 से अधिक दर्ज की गई, जिसके चलते घबराए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

महाराष्ट्र के जलगांव में सुबह-सुबह कांपी धरती

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक आज सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर महाराष्ट्र के जलगांव जिले में लोगों ने जमीन में कंपन महसूस किया। झटके महसूस होते इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग तुरंत अपने घर से बाहर खुले में आ गए। इस भूकंप का असर जिले के भुसावल, सावदा, रावेर, ऐनपुर, निंभोरा, कर्जोद और खिर्डी इलाकों में देखा गया। फिलहाल इस भूकंप की सटीक तीव्रता और केंद्र के बारे में आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है, लेकिन प्रशासन ने पुष्टि की है कि किसी भी इमारत या घर को कोई क्षति नहीं पहुंची है।

मध्य प्रदेश के खरगोन में 4.5 तीव्रता का झटका

महाराष्ट्र में कंपन महसूस होने के ठीक 5 मिनट बाद यानी सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर मध्य प्रदेश का खरगोन जिला भी भूकंप के झटकों से हिल गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.5 मापी गई है। भू-वैज्ञानिकों ने बताया कि इस भूकंप का केंद्र खरगोन में ही जमीन की सतह से 10 किलोमीटर नीचे स्थित था। यहां भी किसी जनहानि या नुकसान की खबर नहीं है। खरगोन जिले में 18 अक्टूबर को भी 3.0 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र जमीन से 5 किलोमीटर की गहराई में था।

उत्तराखंड में आधी रात को नींद से जागे लोग

इससे पहले बीती रात 12 बजकर 27 मिनट पर देवभूमि उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में भूकंप के झटकों से धरती कांप उठी। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.2 दर्ज की गई। इसका केंद्र पड़ोसी जिले पिथौरागढ़ में पाया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि जिस समय भूकंप आया, उस वक्त ज्यादातर लोग गहरी नींद में सो रहे थे। झटके महसूस होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर भागे और काफी देर तक सड़कों पर ही रुके रहे। स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है।

देश में लगातार बढ़ रही है भूगर्भीय हलचल

हाल में भारत के विभिन्न हिस्सों में भूकंप की घटनाओं में तेजी देखी गई है। उत्तर भारत के हिमालयी क्षेत्र (उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर) से लेकर मध्य और पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों (मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र) तक बार-बार धरती के अंदर हलचल हो रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि टेक्टोनिक प्लेटों में हो रहे बदलावों के कारण कम और मध्यम तीव्रता के ये झटके महसूस किए जा रहे हैं।