Punjab Police Transfers News : पंजाब विधानसभा चुनाव की हलचल के बीच पुलिस-प्रशासन में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिला है। राज्य पुलिस विभाग ने 21 नवंबर की देर शाम 274 पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए हैं। इस लिस्ट में 273 डीएसपी (DSP) और एक आईपीएस (IPS) अधिकारी हैं। पुलिस स्थापना समिति की हरी झंडी मिलने के बाद प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। चंडीगढ़ स्थित पंजाब पुलिस मुख्यालय के सीक्रेट सेक्शन-2 से जारी इस पत्र में एएसपी और डीएसपी रैंक के अफसरों की नई पोस्टिंग का ब्योरा दिया गया है। इस बदलाव के तहत अधिकारियों को उनकी पुरानी जगहों से हटाकर अलग-अलग जिलों, पुलिस रेंज और विशेष जांच इकाइयों में नई कमान सौंपी गई है। कई अफसरों को सीधा जिलों की कमान मिली है तो कई को खुफिया विभाग (इंटेलिजेंस), साइबर सेल, क्राइम ब्रांच और नशा विरोधी दस्तों में तैनात किया गया है।
ट्रेनिंग पूरी कर लौटे IPS पारस गर्ग को अमृतसर की कमान
इस ट्रांसफर लिस्ट में 2024 बैच के आईपीएस अधिकारी पारस गर्ग का नाम भी प्रमुख है। हैदराबाद की नेशनल पुलिस अकादमी (NPA) से अपनी बुनियादी ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद उन्हें अमृतसर में एएसपी एसडी सेंट्रल के पद पर नियुक्त किया गया है। हाल में डीएसपी पद पर प्रमोट हुए कई अधिकारियों को भी पहली बार नई जगहों और विशेष यूनिट में जिम्मेदारी दी गई है।
नशा तस्करों और साइबर अपराधियों पर नकेल कसने की तैयारी
सरकार और पुलिस मुख्यालय ने इस फेरबदल में साइबर अपराध और नशे के कारोबार को रोकने वाली इकाइयों को मजबूत करने पर खास जोर दिया है। इसी कड़ी में अमरबीर सिंह का तबादला जालंधर से एसएएस नगर (मोहाली) कर दिया गया है, जहां वे अब डीएसपी साइबर क्राइम एंड फॉरेंसिक्स का काम संभालेंगे। गोल्डी विरदी को रोपड़ रेंज में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का डीएसपी बनाया गया है। कई अन्य अफसरों को पीबीआई (NDPS-कम-नारकोटिक्स), स्पेशल क्राइम, काउंटर इंटेलिजेंस और इंटेलिजेंस विंग में भेजा गया है। महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों की जांच करने वाली विशेष इकाइयों के अधिकारियों में भी बदलाव किया गया है।
प्रमुख जिलों की कानून-व्यवस्था में बड़ा बदलाव
इन ट्रांसफर का सीधा असर राज्य के लगभग सभी बड़े शहरों और संवेदनशील जिलों पर पड़ेगा। लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, पटियाला, बठिंडा, मोगा, संगरूर, फाजिल्का और एसएएस नगर जैसे प्रमुख जिलों में पुलिस अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। लुधियाना में ट्रैफिक व्यवस्था, डिटेक्टिव विंग और अन्य स्थानीय पुलिस यूनिट्स के अधिकारियों को बदला गया है। अमृतसर में इस सीमावर्ती जिले में सुरक्षा (सिक्योरिटी), डिटेक्टिव और स्पेशल क्राइम से जुड़ी टीमों में नए चेहरे लाए गए हैं। पटियाला और बठिंडा में में भी कई डीएसपी स्तर के अधिकारियों को एक से दूसरी जगह भेजा गया है।
22 नवंबर की दोपहर तक नई ड्यूटी संभालने का अल्टीमेटम
पुलिस मुख्यालय के आदेश में सभी संबंधित विभागों को सख्त हिदायत दी गई है कि तबादला किए गए अधिकारियों को बिना किसी देरी के तुरंत कार्यमुक्त (रिलीव) किया जाए। सभी 274 अधिकारियों को 22 नवंबर की दोपहर तक हर हाल में अपनी नई पोस्टिंग वाली जगह पर पहुंचकर ड्यूटी जॉइन करने को कहा गया है। पुरानी जिम्मेदारी छोड़ने और नया कार्यभार संभालने की आधिकारिक रिपोर्ट भी मुख्यालय को भेजना अनिवार्य किया गया है। भले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुए इस इतने बड़े फेरबदल को सियासी और चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा हो, लेकिन पुलिस विभाग के आधिकारिक दस्तावेज में इसे पूरी तरह से एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया ही बताया गया है।