Nepal PM Balen Shah India Visit : नेपाल की कमान संभालने के बाद प्रधानमंत्री बालेन शाह आज दो दिनों के राजकीय दौरे पर भारत आ रहे। इस यात्रा के दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक होगी। दोनों नेताओं के बीच बिजली, कारोबार, आपसी संपर्क और विकास से जुड़े बड़े मसलों पर बातचीत की उम्मीद है। प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेश शाह का यह पहला विदेश दौरा है।
भारत से क्या चाहते हैं बालेन शाह?
नेपाल के प्रधानमंत्री के पूर्व सलाहकार राजन भट्टराई का मानना है कि भारत नेपाल का सबसे करीबी विकास साझेदार, सबसे बड़ा कारोबारी साथी और सबसे बड़ा निवेशक है, इसलिए यह यात्रा बेहद खास है। उनके मुताबिक दोनों देशों के बीच कुछ पुराने अनसुलझे मामले हैं, जिन पर बात हो सकती है। दुनियाभर में जलवायु परिवर्तन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की चर्चा हो रही है तो दोनों देश इस हाई-टेक सेक्टर में मिलकर आगे बढ़ने के रास्ते तलाशेंगे। भट्टराई ने बताया कि क्रिकेट, नए क्रिकेट स्टेडियम बनाने, सड़क और हवाई मार्ग को सुधारने और नई तेल या गैस पाइपलाइन बिछाने जैसे विषयों पर पहले से एक बुनियादी समझ है, जिन पर इस दौरे में ठोस चर्चा हो सकती है।
18600 करोड़ के पैकेज की मांग
आर्थिक मोर्चे पर नेपाल को भारत से बड़ी उम्मीदें हैं। इकोनॉमिक टाइम्स की एक पुरानी रिपोर्ट के अनुसार नेपाल ने भारत से 2 अरब डॉलर (18600 करोड़) की आर्थिक मदद मांगी है। इस पैकेज में बिजली और बुनियादी ढांचे से जुड़े प्रोजेक्ट्स के लिए 1 अरब डॉलर का आसान कर्ज (लाइन ऑफ क्रेडिट), सुनौली से पोखरा को जोड़ने वाले सिद्धार्थ राजमार्ग को बेहतर बनाने के लिए 500 मिलियन डॉलर की आर्थिक सहायता, नेपाल के बाढ़ प्रभावित इलाकों को फिर से बसाने के लिए 500 मिलियन डॉलर का सीधा अनुदान शामिल हो सकते हैं।
बिजली कारोबार और हवाई रास्तों पर बनेगी बात
ऊर्जा और कनेक्टिविटी इस दौरे के सबसे बड़े केंद्र बिंदु हैं। दोनों प्रधानमंत्री कई साझा प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे और नई योजनाओं की नींव रखेंगे। एक साझा विजन डॉक्यूमेंट भी जारी हो सकता है। भारत ने हाल में नेपाल को 615.02 मेगावाट अतिरिक्त बिजली बेचने की हरी झंडी दी है। पहले यह सीमा 654 मेगावाट थी, जो अब बढ़कर कुल 1269.02 मेगावाट हो गई है। इससे नेपाल की अर्थव्यवस्था को बड़ी ताकत मिलेगी। नेपाल चाहता है कि उसके पोखरा और भैरहवा एयरपोर्ट से उड़ने और उतरने वाले विमानों को भारतीय आसमान (एयरस्पेस) का इस्तेमाल करने की इजाजत मिले। इससे नेपाल के पर्यटन को पंख लगेंगे।
आखिर क्यों बदला बालेन शाह का रुख?
प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह ने ऐलान किया था कि वे पहले साल किसी विदेश यात्रा पर नहीं जाएंगे। यहां तक कि उन्होंने भारतीय विदेश सचिव से मिलने से भी मना कर दिया था। लेकिन वक्त के साथ हालात बदले। नेपाल के बड़े मंत्रियों ने दिल्ली के दौरे किए और बाढ़ की मुसीबत में भारत ने नेपाल का जमकर साथ दिया। हाल ही में शाह ने भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी से भी मुलाकात की। अब उनकी इस दिल्ली यात्रा को दोनों देशों के बीच जमी बर्फ पिघलने और आर्थिक जरूरतों को पूरा करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
कारोबार, खेल और तकनीक पर भी रहेगा फोकस
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साफ किया है कि बातचीत में विकास सहयोग, आम लोगों के बीच संपर्क और ऊर्जा साझेदारी को सबसे ऊपर रखा जाएगा। इसके साथ ही स्टार्टअप, नई तकनीक, नवाचार और खेल के मैदान में भी दोनों देश हाथ मिलाएंगे। इस मौके पर नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन होगा। यहां बालेन शाह दोनों देशों के बड़े उद्योगपतियों से रूबरू होंगे, ताकि नेपाल में भारतीय निवेश बढ़ाया जा सके। विदेश मंत्रालय ने दोहराया कि भारत और नेपाल का रिश्ता सदियों पुरानी संस्कृति, इतिहास और लोगों के आपसी जुड़ाव की मजबूत नींव पर टिका है।