Akhilesh Yadav And Azam Khan : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ राज्य की सियासत का पारा चढ़ने लगा है। समाजवादी पार्टी (सपा) के दिग्गज नेता आजम खान एक बार फिर सूबे के राजनीतिक केंद्र बिंदु बन गए हैं। पिछले कुछ दिनों में अखिलेश यादव और शिवपाल यादव की तरफ से आजम खान और उनके परिवार के प्रति अचानक बढ़ी हमदर्दी और मुलाकातों का दौर इस बात की गवाही दे रहा कि इसके पीछे सिर्फ पुरानी रवायतें नहीं, बल्कि एक बड़ा राजनीतिक समीकरण छिपा है। अखिलेश यादव का रामपुर जेल जाकर आजम खान से मिलना, उसके बाद शिवपाल यादव का रामपुर और फिर गाजियाबाद की डासना जेल तक का सफर तय करना और एन वक्त पर ईडी की रिमांड के दौरान आजम खान की सेहत व सुरक्षा को लेकर मुखर होना, यह सब महज इत्तेफाक नहीं है। आखिर चुनाव के मुहाने पर खड़े उत्तर प्रदेश में सपा को अपने इस कद्दावर नेता की इतनी शिद्दत से याद क्यों आ रही है? क्या यह सिर्फ रिश्तों की गर्माहट है या इसके पीछे असदुद्दीन ओवैसी और दलित-मुस्लिम समीकरण की नई बिसात का डर है? आइए पूरी खबर को बेहद आसान और सिलसिलेवार तरीके से समझते हैं।
1. जेल की सलाखों से सियासी संदेश: अखिलेश और शिवपाल की बढ़ी सक्रियता
सियासी गलियारों में चर्चाएं तब तेज हो गईं, जब 22 अक्टूबर को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लंबे अरसे के बाद रामपुर जिला जेल पहुंचकर आजम खान से लंबी मुलाकात की। 69 मिनट तक चली इस मुलाकात के फौरन बाद अखिलेश ने इसे राजनीतिक नहीं, बल्कि पूरी तरह भावनात्मक बताया। वैसे, इसके ठीक चार दिन पहले असदुद्दीन ओवैसी ने रामपुर में आक्रामक रैली कर अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोला था। सिलसिला यहीं नहीं रुका। इसके बाद सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने पहले रामपुर और फिर 12 नवंबर को गाजियाबाद की डासना जेल पहुंचकर आजम खान और उनके परिवार से मुलाकात की। ठीक उसी दिन जब ईडी को आजम खान की चार दिन की कस्टडी मिली, अखिलेश और शिवपाल दोनों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर गहरी चिंता जताई। जानकारों का मानना है कि इसके जरिए पार्टी यह संदेश देना चाहती है कि वह अपने सबसे पुराने और ताकतवर मुस्लिम चेहरे के साथ चट्टान की तरह खड़ी है, ताकि कार्यकर्ताओं और समर्थकों के मन में कोई भी गलतफहमी न रहे।
2. कौन हैं आजम खान और सपा के साथ कहां आईं दूरियां?
आजम खान समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं। मुलायम सिंह यादव के दौर से लेकर अखिलेश सरकार तक पार्टी में उनका रसूख और कद किसी से छिपा नहीं है। वह 10 बार विधायक, 4 बार मंत्री और 2 बार सांसद रह चुके हैं। उत्तर प्रदेश के मुसलमानों के बीच उनकी लोकप्रियता और पकड़ काफी मजबूत मानी जाती है, लेकिन पिछले कुछ सालों में तस्वीर बदली। आजम खान लंबे वक्त से जेल में हैं और उनके समर्थकों के बीच अक्सर यह टीस और नाराजगी देखी जाती रही कि मुश्किल वक्त में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने वैसी सक्रियता नहीं दिखाई जिसकी उनसे उम्मीद थी। विपक्षी दल और खुद आजम के समर्थक लगातार यह आरोप लगाते रहे कि सपा ने संकट के समय उन्हें अकेला छोड़ दिया है। अब ईडी की रिमांड पर अखिलेश और शिवपाल का खुलकर सामने आना, उसी पुरानी नाराजगी और धारणा को बदलने की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।
3. ओवैसी का बढ़ता दखल और 'पीडीए' फॉर्मूले की चुनौती
अखिलेश यादव की इस बढ़ी सक्रियता के पीछे असदुद्दीन ओवैसी का फैक्टर सबसे अहम माना जा रहा। 18 अक्टूबर को रामपुर में रैली करने के बाद ओवैसी ने 12 नवंबर को लखनऊ में चंद्रशेखर आजाद की पार्टी के साथ मिलकर 2027 का चुनाव लड़ने का बड़ा ऐलान कर दिया। ओवैसी लगातार नैरेटिव सेट कर रहे कि समाजवादी पार्टी मुसलमानों का इस्तेमाल सिर्फ वोट बैंक के रूप में करती है, लेकिन उनके हक और सम्मान की लड़ाई से पीछे हट जाती है। ओवैसी ने तो यहां तक सवाल उठाया था कि अगर कोई यादव नेता जेल में होता तो क्या अखिलेश का रवैया यही रहता? ओवैसी और चंद्रशेखर का यह नया मोर्चा दलित-मुस्लिम समीकरण साधने की कोशिश में है। ऐसे में सपा के लिए अपने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को बचाए रखने और मुस्लिम वोटों में किसी भी संभावित बिखराव को रोकने के लिए आजम खान का साथ होना बेहद जरूरी हो गया है।
4. रामपुर से लेकर रुहेलखंड तक: आजम खान का सियासी असर
आजम खान का राजनीतिक प्रभाव सिर्फ उनकी व्यक्तिगत जीत-हार तक सीमित नहीं है। रामपुर और उसके आसपास के जिलों-जैसे मुरादाबाद, संभल, बिजनौर और अमरोहा-की कई विधानसभा सीटों पर उनका मजबूत सामाजिक और संगठनात्मक आधार है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इन इलाकों में कई सीटें ऐसी हैं जहां हार-जीत का अंतर बहुत कम होता है। भले 2024 के लोकसभा चुनाव में रामपुर से सपा टिकट पर मोहिबुल्लाह नदवी सांसद चुने गए हों, लेकिन वहां आजम खान और उनके समर्थकों का प्रभाव आज भी कायम है। आजम खान के समर्थक सपा नेतृत्व से छिटक जाते हैं तो पार्टी को पश्चिमी यूपी में बड़ा सियासी नुकसान उठाना पड़ सकता है। यही वजह है कि अखिलेश केवल आजम खान को नहीं मना रहे, बल्कि उनके पूरे कोटे और समर्थकों को भी अपने साथ जोड़े रखने की पुरजोर कोशिश कर रहे।