Akhilesh Yadav For Ayodhya : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम नगरी अयोध्या को लेकर सियासी पारा पूरी तरह से हाई कर दिया है। उन्होंने अयोध्या को लेकर कई बड़े चुनावी वादों की झड़ी लगा दी है। सोमवार को दीपोत्सव के बाद तेल बटोरते हुए आम लोगों का वीडियो सामने आया था, जिसे शेयर करने के बाद अब अखिलेश यादव ने जनता को मुफ्त राशन के साथ तेल और घी देने का ऐलान कर दिया है। उनका यह बयान उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया भूचाल लेकर आया है।
राम मंदिर दान और घटते श्रद्धालुओं पर बड़ा बयान
अखिलेश यादव ने कहा है कि अयोध्या में राम मंदिर के नाम पर हुए दान में जो चोरी हुई है, उससे आस्था को गहरी ठेस पहुंची है। इस चोरी के कारण अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट आ रही। इसका सीधा और बुरा असर वहां के कारोबारियों और दुकानदारों पर पड़ रहा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि अयोध्या नगरी के मान-सम्मान की पुनर्स्थापना के लिए उनकी पार्टी वचनबद्ध है। राम मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं को पारदर्शी बनाकर लोगों का विश्वास फिर से जीता जाएगा। अयोध्या को वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदान करके इसे सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी के रूप में विकसित किया जाएगा।
गरीबों का अपमान नहीं सहेगी समाजवादी पार्टी
सोमवार रात एआई (AI) तकनीक से तैयार अयोध्या के दीपोत्सव का वीडियो शेयर कर अखिलेश यादव ने कहा कि वे ऐसी अयोध्या का निर्माण करेंगे, जहां कोई भी अहंकारी व्यक्ति दीपोत्सव के दौरान तेल बटोरती किसी गरीब महिला या मासूम बच्चे-बच्ची को बेंत मारकर बेइज्जमत या प्रताड़ित नहीं कर सकेगा। सरकार बनने पर गरीबों को मिलने वाले मुफ्त राशन में तेल और घी भी शामिल किया जाएगा, ताकि आम जनता के शरीर की सभी पौष्टिक आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके। अयोध्या में परंपरागत नौकायन को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि नाविकों को इसका पूरा आर्थिक लाभ मिल सके और भगवान राम तथा निषादराज के ऐतिहासिक व प्रगाढ़ संबंधों को फिर से मजबूती से स्थापित किया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी इस पवित्र रिश्ते को तोड़ना चाहती है, क्योंकि बीजेपी का प्रभुत्ववाद कभी नहीं चाहता कि आम जनता या पीडीए (PDA) समाज को भगवान राम और निषादराज के गले मिलने का कोई भी दृश्य याद रहे।
बाहरी ठेकेदारों की छुट्टी और जमीन खरीद की होगी उच्चस्तरीय जांच
अखिलेश यादव ने कड़े शब्दों में ऐलान किया कि उनकी सरकार आने पर अयोध्या को बाहरी ठेकेदारों से पूरी तरह मुक्त कराया जाएगा और पिछले समय में हुई जमीन खरीद की सघन जांच बैठाई जाएगी। उनका आरोप है कि बाहरी लोगों और बिचौलियों ने ही मिलकर अयोध्या को लूटा है। सर्किल रेट के महाघोटाले से जुड़े भाजपा के नेता और भ्रष्ट अधिकारी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे। अयोध्या की लूट से जितने भी लोगों ने अपने खजाने भरे हैं, उन सबकी पूरी तरह से छानबीन की जाएगी।
धार्मिक और महापुरुषों के अपमान पर सख्त कानूनी कार्रवाई
अखिलेश यादव ने यह भी घोषणा की कि उनकी पार्टी एक ऐसी सख्त व्यवस्था बनाएगी जिससे कोई भी उपद्रवी या दुष्मुखी व्यक्ति न केवल भगवान राम या भगवान कृष्ण, बल्कि किसी भी धर्म के आराध्यों और महान महापुरुषों का अपमान न कर सके। कोई ऐसा दुर्वचन कहता है या अपमान करके खुलेआम घूमता है तो ऐसे धर्म-विरुद्ध और असामाजिक तत्वों को वैधानिक रूप से तुरंत निरुद्ध (गिरफ्तार) किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे अधर्मी लोगों को प्रश्रय या बढ़ावा देने वाले भी उतने ही बड़े पाप के भागीदार हैं और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के इस षड्यंत्र में शामिल पाए जाने पर उन्हें भी यथोचित और कड़ा दंड दिया जाएगा।