Anant Singh Daughter Marriage News: बिहार के मोकामा से विधायक और छोटे सरकार नाम से मशहूर अनंत सिंह इन दिनों अपने सियासी बयान नहीं, बल्कि छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। 25 नवंबर 2026 को होने वाले इस भव्य विवाह समारोह के चर्चे पूरे देश में हो रहे। सुप्रीम कोर्ट से सरेंडर के लिए मिली मोहलत के बीच अनंत सिंह खुद गांव में रहकर तैयारियों की कमान संभाल रहे। शादी की भव्यता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसमें 4 लाख मेहमानों के जुटने का अनुमान है।

कौन हैं छोटे सरकार के होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार?

शादी का कार्ड सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद हर कोई यह जानने को उत्सुक है कि अनंत सिंह ने अपनी लाडली के लिए कैसा वर चुना है। उनके होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार मूल रूप से पटना जिले के बिहटा प्रखंड स्थित घोड़ाटाप गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार बिहटा के कृष्णानगर और वर्तमान में अहमदाबाद में भी रहता है। ऋषिकेश एक बेहद अनुशासित और प्रतिष्ठित सैन्य-अर्धसैनिक पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके पिता रणविजय कुमार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में कमांडेंट हैं। माता का नाम आशा देवी है।

विदेश से एमबीए और अमेरिका में शानदार करियर

अनंत सिंह और पूर्व विधायक नीलम देवी की बेटी शिवांगी के विवाह निमंत्रण पत्र को पारंपरिक अंदाज में छपवाया गया है, लेकिन इसमें दूल्हे की शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रमुखता दी गई है। कार्ड में ऋषिकेश के नाम के ठीक नीचे MBA, Georgia State University, Atlanta, USA लिखा गया है। उन्होंने अमेरिका के अटलांटा स्थित जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की डिग्री हासिल की है। पढ़ाई पूरी करने के बाद वे पिछले करीब एक दशक से अमेरिका में ही बस गए हैं और वहां एक प्रतिष्ठित निजी कंपनी में बड़े पद पर कार्यरत हैं। दुल्हन शिवांगी सिंह ने भी रांची के सेंट बिशप स्कूल, पिलानी के बिरला कॉलेज और एमिटी यूनिवर्सिटी जैसे देश के नामी संस्थानों से पढ़ाई पूरी की है।

10 बीघा में जयपुर थीम पर पंडाल और 5 हेलीपैड

इस शाही शादी के लिए 10 बीघा जमीन पर भव्य पंडाल और जयमाला स्टेज तैयार किया जा रहा। इसके लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से कारीगर बुलाए गए हैं। लाइटिंग का सामान बंगाल से मंगवाया गया है। सजावट और टेंट की जिम्मेदारी संभाल रहे जायसवाल इवेंट के प्रोपराइटर प्रदीप जायसवाल ने बताया कि जयमाला स्टेज जयपुर के पत्रकार चौक की थीम पर बन रहा है। हालांकि, इसमें लाल किला या ताजमहल जैसी कोई आकृति नहीं होगी। यह स्टेज 100 फीट चौड़ा, 35 फीट लंबा और लगभग 30 फीट ऊंचा होगा। प्रदीप जायसवाल के मुताबिक उन्होंने पहले बिहार के पूर्व राज्यपाल फागू चौहान की पोती की शादी और कई बड़े नेताओं के आयोजनों में काम किया है, लेकिन इतना विशाल आयोजन पहली बार कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने खुद अनंत सिंह से काम देने का अनुरोध किया था। फिलहाल 400 से 500 कारीगर फूल, कारपेट, टेंट और लाइटिंग के काम में जुटे हैं। 20 से 21 नवंबर तक यह पंडाल अपने भव्य रूप में दिखने लगेगा। वीआईपी मेहमानों के आने-जाने के लिए 5 हेलीपैड भी तैयार किए जा रहे हैं।

4 लाख मेहमान, 150 पकवान और करोड़ों के तोहफे

आयोजन में 4 लाख मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए चार अलग-अलग स्थानों पर भोजन की व्यवस्था की गई है, जहां 150 से अधिक प्रकार के लजीज व्यंजन परोसे जाएंगे। जयमाला पंडाल के बीच में खास रेस्टोरेंट भी बनाए जा रहे हैं। इस शादी में तोहफों की भी खूब चर्चा हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स और वायरल तस्वीरों के अनुसार अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश को लग्जरी लैंड रोवर डिफेंडर कार उपहार में देने जा रहे। 25 नवंबर को दोपहर 2 से 4 बजे के बीच घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसके विजेता को इनाम में महिंद्रा थार दी जाएगी।