Spurious Liquor Deaths : मणिपुर के चंदेल जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। 600 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से 3 मरीजों की हालत बेहद नाजुक है। इस हादसे ने फिर देश भर में फल-फूल रहे अवैध शराब के काले कारोबार की पोल खोल दी है।

2026 में जहरीली शराब का कहर

ताजा सरकारी और पुलिस रिकॉर्ड्स पर नजर डालें तो साल 2026 में जहरीली शराब पीने से 6 अलग-अलग राज्यों में कुल 126 लोगों ने जान गंवाई है। सबसे चौंकाने वाले आंकड़े मध्य प्रदेश से सामने आए हैं, जहां अकेले 51 लोगों की मौत हुई है। इन आंकड़ों से साफ जाहिर होता है कि देश के जिन हिस्सों में पूरी तरह या आंशिक रूप से शराब पर पाबंदी लगी है, वहां भी शराब माफियाओं का नेटवर्क सक्रिय है और लोगों की जिंदगियों से खिलवाड़ कर रहा है।

काकचिंग से खरीदी गई थी मौत की शराब, 10 आरोपी गिरफ्तार

स्थानीय निवासियों का कहना है कि दो से तीन दिनों के भीतर शराब पीने के बाद अचानक लोगों के बीमार पड़ने का सिलसिला शुरू हुआ था। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पीड़ितों ने शराब मणिपुर के काकचिंग जिले के सुगनू इलाके से खरीदी थी। पुलिस अधिकारियों को शक है कि शराब में जहरीला केमिकल मेथनॉल मिलाया गया था, जो मौत का कारण बना। पुलिस ने अब तक 10 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का मानना है कि चंदेल जिले में अवैध शराब बनाने की स्थानीय भट्टी नहीं मिली है। इससे संकेत मिलता है कि शराब दूसरे इलाके में तैयार कर यहां सप्लाई की गई थी। पुलिस सप्लाई चेन के मुख्य सरगनाओं की तलाश में जुटी है।

मणिपुर में कहां है शराबबंदी और कहां मिली है छूट?

मणिपुर में शराब को लेकर नियम अलग-अलग क्षेत्रों के हिसाब से बंटे हैं। चार प्रमुख जिलों-इम्फाल ईस्ट, इम्फाल वेस्ट, थौबल और बिष्णुपुर में शराबबंदी लागू है। वैसे, राज्य सरकार ने 6 दिसंबर 2023 को अधिसूचना जारी कर कुछ शर्तों के साथ ढील दी थी। इसके तहत ग्रेटर इम्फाल क्षेत्र, सभी जिला मुख्यालयों, प्रमुख पर्यटन स्थलों और कम-से-कम 20 कमरों वाले होटलों से शराबबंदी हटाते हुए वहां शराब बेचने की अनुमति दी गई थी।

इस साल अब तक किस राज्य में कितनी मौतें?

किन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में है शराब पर पाबंदी?

गुजरात पूर्ण शराबबंदी

बिहार पूर्ण शराबबंदी

नागालैंड पूर्ण शराबबंदी

लक्षद्वीप पूर्ण शराबबंदी

सिक्किम आंशिक प्रतिबंध

मिजोरम आंशिक प्रतिबंध

त्रिपुरा आंशिक प्रतिबंध

मणिपुर केवल 4 जिलों में पाबंदी (आंशिक)