बिहार में लड़कियों के साथ कथित बदसलूकी के मामले सामने आने का सिलसिला थम नहीं रहा है। जमुई और समस्तीपुर के बाद अब बांका जिले से भी एक लड़की के साथ अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है। मामला जिले के ऐतिहासिक मंदार पर्वत क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मंदार पर्वत का बताया जा रहा वीडियो
पुलिस को सोशल मीडिया सेल के माध्यम से यह वीडियो मिला था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बौंसी थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिख रहे स्थान की पुष्टि मंदार पर्वत के रूप में की है। हालांकि, पुलिस के अनुसार वीडियो हाल का नहीं, बल्कि कुछ महीने पुराना हो सकता है और घटना अप्रैल 2026 के आसपास की होने की आशंका है।
आरोपियों की पहचान का प्रयास
वायरल वीडियो में कुछ युवक एक लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते हुए नजर आ रहे हैं। फिलहाल वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों से जानकारी जुटाकर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। साथ ही वीडियो को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
कई धाराओं में दर्ज हुआ केस
बौंसी थाने में पुलिस अधिकारी के लिखित बयान के आधार पर 6 से 7 अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं के तहत भी कार्रवाई शुरू की है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की जांच जारी है।
जमुई और समस्तीपुर मामलों के बाद नया मामला
बांका की घटना ऐसे समय सामने आई है, जब जिले के जमुई और समस्तीपुर में लड़कियों के साथ कथित बदसलूकी की घटनाओं के बाद पुलिस कार्रवाई और कानून-व्यवस्था को लेकर बहस तेज है। समस्तीपुर मामले में सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। वहीं, इन घटनाओं को लेकर विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।